Anrich Nortje Ruled Out आईपीएल 2023 में आरसीबी के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के प्रमुख गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया मैच से पहले टीम से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी की ओर से इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी गई है। दिल्ली कैपिटल्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट कर कहा गया है कि एनरिक नॉर्खिया किसी इमरजेंसी के चलते दक्षिण अफ्रीका रवाना हो गए हैं, वह आज के मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे। नॉर्खिया शुक्रवार देर रात ही स्वदेश रवाना हो गए।
दिल्ली के विकेट टेकिंग गेंदबाज हैं नॉर्खिया
नॉर्खिया के रूप में दिल्ली को यह बहुत बड़ा झटका लगा है, क्योंकि नॉर्खिया टीम के विकेट टेकिंग गेंदबाज हैं। पावरप्ले और डेथ ओवर्स में नॉर्खिया विकेट निकालने में माहिर हैं। इस सीजन में उन्होंने अभी तक खेले 8 मैचों में 8.91 की इकोनॉमी से रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए हैं। नॉर्खिया ने 2020 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने आईपीएल के 38 मैच खेले हैं, जिसमें उनके कुल 50 विकेट हैं।
दिल्ली के लिए सीजन नहीं रहा अभी तक अच्छा
आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए अभी तक यह सीजन अच्छा नहीं रहा है। दिल्ली की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे है। दिल्ली को अभी तक 8 मैचों में से सिर्फ 3 में जीत मिली है और उसके प्लेऑफ में जाने की संभावनाएं बहुत ही कम हैं। हालांकि दिल्ली ने पिछले 4 मैचों में से 3 जीतकर अपनी लय हासिल की है। पिछले मैच में दिल्ली ने डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस को एक लो स्कोरिंग मैच में 5 रन से हराया था। इस सीजन में अभी तक दिल्ली के लिए उसकी बल्लेबाजी सबसे बड़ा सिरदर्द रही है। टीम के प्रमुख बल्लेबाज खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं।