इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)का 29वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC)और मुंबई इंडियंस (MI)के बीच खेला जाएगा। अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स शानदार फॉर्म में है। वह 4 में से 4 मैच जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर है। वह अभी तक अजेय है और इस लय को बरकरार रखना चाहेगी।

मुंबई इंडियंस की टीम लगातार तीसरी हार से बचना चाहेगी। हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली टीम 5 में से 4 मैच हारकर अंक तालिका में 9वें नंबर पर है। दोनों टीमों के बीच 35 मैच हुए हैं। मुंबई ने 19 में जीत दर्ज किए हैं। दिल्ली ने 16 में जीत दर्ज की है। अरुण जेटली स्टेडिम में दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा भारी होगा। यहां दोनों टीमों के बीच 12 मैच हुए हैं। दिल्ली 7 मैच जीती है। 2024 में यहां दिल्ली को जीत मिली थी।

दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस मौसम रिपोर्ट (DC vs MI Weather Report)

दिल्ली में आई धूल भरी आंधी से थोड़ा तापमान गिरा है। हालांकि, रविवार को राजधानी में तेज धूप खिले रहने का अनुमान है। वेदर.कॉम के अनुसार दिन में मौसम साफ रहेगा शाम को थोड़ी धुंध रहेगी और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस पिच रिपोर्ट (DC vs MI Pitch Report)

अरुण जेटली स्टेडियम में यह इस सीजन का पहला मैच होगा। इस स्टेडियम में आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा स्कोर बना था। यहां पांच मैचों में पहली पारी में औसतन 235 रन बने थे। इस बार भी ऐसा ही होने की उम्मीद है। छोटी बाउंड्री और सपाट पिच से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका मिलेगा। इस मैदान पर इस सीजन का पहला मैच होने के कारण सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि गेंदबाजों को कोई मदद मिलती है या नहीं।