DC Vs CSK Qualifier 1 Live, Ipl 2021 Qualifier 1 DC Vs CSK: चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के पहले क्वालिफायर में दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हरा दिया और टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने नौवीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बनाई है।

दुबई क्रिकेट इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 172 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन बना मैच जीत लिया।

चेन्नई की जीत में एमएस धोनी ने विजयी चौका लगाया। उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से 6 गेंद में नाबाद 18 रन बनाए। इसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल है।

एमएस धोनी के अलावा चेन्नई की ओर से रॉबिन उथप्पा ने 44 गेंद में 63 और ऋतुराज गायकवाड़ ने 50 गेंद में 70 रन की पारियां खेलीं। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। मोईन अली ने भी 12 गेंद में 16 रन बनाए। दिल्ली की ओर से टॉम करन सबसे सफल रहे। उन्होंने 22 गेंद में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। एनरिक नॉर्टजे और आवेश खान भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स को 172 रन तक पहुंचाने में ओपनर पृथ्वी शॉ, कप्तान ऋषभ पंत और शिमरॉन हेटमायर ने अहम भूमिका निभाई। पृथ्वी ने 27 तो पंत ने 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। हेटमायर 24 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई की ओर से जोश हेजलवुड ने 2 और रविंद्र जडेजा, मोईन अली और ड्वेन ब्रावो ने एक-एक विकेट लिए।

बॉलर्स के छक्के छुड़ाने वाले रसेल की पत्नी हैं बेहद बोल्ड, अमेरिकी मॉडल है शाहरुख की बड़ी फैन

इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने रिपल पटेल की जगह टॉम करन को आखिरी एकादश में शामिल किया था।

DC vs CSK Live Streaming IPL 2021 Qualifier 1: यहां देखिए Star Sports पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग

टॉस होते ही ऋषभ पंत (24 वर्ष और 6 दिन) आईपीएल प्लेऑफ में किसी टीम की कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। एमएस धोनी राहुल द्रविड़ के बाद आईपीएल प्लेऑफ में किसी टीम का नेतृत्व करने वाले 40 साल से अधिक उम्र के दूसरे खिलाड़ी बने। राहुल द्रविड़ ने 2013 में यह उपलब्धि अपने नाम की थी।

DC vs CSK Playing 11: यहां देखिए क्वालिफायर वन में दिल्ली और चेन्नई की प्लेइंग इलेवन

Match Ended

Indian Premier League, 2021

Delhi Capitals 
172/5 (20.0)

vs

Chennai Super Kings  
173/6 (19.4)

Match Ended ( Day – Qualifier 1 )
Chennai Super Kings beat Delhi Capitals by 4 wickets

Live Updates
23:14 (IST) 10 Oct 2021
टॉम ने पहली ही गेंद पर झटका विकेट

टॉम करन ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर मोईन अली को डीप स्क्वेयर लेग पर रबाडा के हाथों कैच कराया। टॉम ने अपने इंग्लिश टीममेट को स्लोअर और शॉर्ट गेंद से फंसाया था। मोईन के बल्ले से गेंद कनेक्ट तो हुई, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही। वह 12 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। महेंद्र सिंह धोनी अभी क्रीज पर हैं। देखना है कि क्या वह 2011 वर्ल्ड कप की याद ताजा कर पाएंगे?

23:09 (IST) 10 Oct 2021
2011 वर्ल्ड कप की याद ताजा कर पाएंगे धोनी?

19वें ओवर की पहली गेंद पर चेन्नई को फिर एक झटका लगा। ऋतुराज गायकवाड़ 50 गेंद में 70 रन बनाकर आउट हो गए। आवेश खान ने उन्हें अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। जब वह पवेलियन लौटे तब टीम को 11 गेंद में 25 रन बनाने थे। महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर आए हैं। देखना है कि क्या वह 2011 वर्ल्ड कप की याद ताजा कर पाएंगे?

22:53 (IST) 10 Oct 2021
चेन्नई को लगा चौथा झटका, पलटी बाजी

15वें ओवर में चेन्नई ने अंबाती रायुडू का विकेट गंवाया। दो कैच पकड़ने के बाद श्रेयस अय्यर ने उन्हें रन आउट किया। एक बेहतरीन थ्रो और रन आउट, निराशाजनक ढंग से रायुडू पवेलियन लौटे। रायुडू 3 गेंद में एक रन ही बना पाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने लॉन्ग ऑन पर लपेटकर मारा था और दो रन के लिए दौड़े थे। श्रेयस का बेहतरीन थ्रो नॉन स्ट्राइक पर, वहां कगिसो रबाडा ने खूबसूरती से कलेक्ट किया और दिल्ली को एक और विकेट मिल गया।

22:50 (IST) 10 Oct 2021
शार्दुल ठाकुर खाता भी नहीं खोल पाए

टॉम करने ने ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल को आउट किया। टॉम करन की बहुत बाहर की लेंथ गेंद थी। बैक ऑफ दी हैंड उंगलियां फेरी थी, तो स्लोअर भी रही। शार्दुल ठाकुर ने दूर से ही बल्ला चला दिया, लेकिन लॉन्ग ऑन की दिशा में गेंद टंग गई। वहां अय्यर ने आसान सा कैच लपक लिया। शार्दुल ठाकुर खाता भी नहीं खोल पाए।

22:47 (IST) 10 Oct 2021
टॉम करन ने दिल्ली को एक ओवर में दो सफलताएं दिलाईं

टॉम करन ने दिल्ली कैपिटल्स को एक ओवर में दो सफलताएं दिलाईं। उन्होंने 14वें ओवर में रॉबिन उथप्पा और शार्दुल ठाकुर के विकेट झटके। टॉम करन ने तीसरी गेंद पर उथप्पा को लॉन्ग ऑन पर श्रेयस द्वारा कैच कराया। हालांकि, इस कैच के दौरान अय्यर और अक्षर में थोड़ा सा जगल हुआ। अक्षर कैच की राह में आ गए थे लेकिन अय्यर ने कैच लपक लिया। उथप्पा ने 44 गेंद में 63 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए।

21:45 (IST) 10 Oct 2021
एनरिक नॉर्टजे ने डुप्लेसिस को किया बोल्ड

173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत खराब रही। उसने चौथी गेंद पर ही फाफ डुप्लेसिस का विकेट गंवा दिया। नॉर्टजे ने उन्हें एक रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। उनकी जगह रॉबिन उथप्पा क्रीज पर आए।

21:23 (IST) 10 Oct 2021
चेन्नई ने 5 बार चेज किया, हर बार जीते

चेन्नई को जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य मिला है। इस सीजन चेन्नई ने पांच बार चेज किया है। हर बार उन्हें जीत मिली है। क्या चेन्नई आज इस सिलसिले को जारी रख पाएगी? दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी 16वें ओवर में 14, 17वें ओवर में 13, 18वें ओवर में 12 और 19वें ओवर में 11 रन बनाए। हालांकि, आखिरी ओवर में वह 8 रन ही बना पाई।

21:20 (IST) 10 Oct 2021
जो जीता वह खेलेगा फाइनल

इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल खेलेगी। हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। वह 13 अक्टूबर को एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ेगी। एलिमिनेटर मुकाबला 11 अक्टूबर को शारजाह में ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच होना है।

21:09 (IST) 10 Oct 2021
ड्वेन ब्रावो ने झटका 550वां टी20 विकेट

19वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को पांचवां झटका लगा। ड्वेन ब्रावो ने चौथी गेंद पर शिमरॉन हेटमायर को डीप मिडविकेट बाउंड्री के पास रविंद्र जडेजा के हाथों लपकवाया। हेटमायर 24 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और एक छक्का लगाया। इसके साथ ही टी20 क्रिकेट में ब्रावो के 550 विकेट हो गए।

20:26 (IST) 10 Oct 2021
रविंद्र जडेजा ने चेन्नई को दिलाई बड़ी सफलता

रविंद्र जडेजा ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर चेन्नई को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने पृथ्वी शॉ को लॉन्ग ऑफ पर फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। पृथ्वी ने जडेजा की इस इन साइड आउट गेंद खेलने का प्रयास किया। जडेजा की यह ऑफ साइड से बाहर फुल फ्लाइटेड गेंद थी। पृथ्वी उनके जाल में फंसे और लॉन्ग ऑफ से अपने बाई ओर दौड़कर डाइव लगाकर डुप्लेसिस ने बेहतरीन कैच लपका। पृथ्वी 34 गेंद में 60 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 3 छक्के लगाए।

20:22 (IST) 10 Oct 2021
मोईन अली ने चेन्नई को दिलाई तीसरी सफलता

मोईन अली ने 10वें ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल को अपना शिकार बनाया। अक्षर 11 गेंद में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मोईन की यह गेंद ऑफ स्टंप से बाहर शॉर्ट थी। अक्षर ने पुल करने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग मिस कर गए। गेंद हवा में उठी और लॉन्ग ऑन से आकर मिशेल सैंटनर ने आसान सा कैच लपक लिया। सैंटनर फिलहाल हेजलवुड की जगह मैदान पर हैं। अक्षर की ऋषभ पंत क्रीज पर आए।

20:13 (IST) 10 Oct 2021
पृथ्वी ने जडेजा के एक ओवर में जड़े 2 चौके

रविंद्र जडेजा 9वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर बेहतरीन स्कॉयर कट कर पृथ्वी शॉ ने चार रन बटोरे। इसके साथ ही उन्होंने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। पृथ्वी ने जडेजा की चौथी गेंद को भी सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया। नौ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 74 रन है। पृथ्वी ने 30 गेंद में 57 और अक्षर ने 9 गेंद में 9 रन बनाए हैं।

20:05 (IST) 10 Oct 2021
अर्धशतक के करीब पृथ्वी शॉ

दिल्ली कैपिटल्स ने पावर प्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में 51 रन बनाए और दो विकेट गंवाए। धवन 7 और अय्यर एक रन बनाकर आउट हुए। इस समय क्रीज पर पृथ्वी शॉ और अक्षर पटेल हैं। पृथ्वी ने 19 गेंद में 43 रन बनाए हैं।

20:02 (IST) 10 Oct 2021
ऋतुराज गायकवाड़ ने लपका अय्यर का कैच

जोश हेजलवुड ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर एक और विकेट झटक लिया। उन्होंने श्रेयस अय्यर को कवर में ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। हेजलवुड की यह हाई मिडिल स्टंप पर धीमी लेकिन लेंथ गेंद थी। श्रेयस ऑन साइड में बड़ा शॉट खेलना चाह रहे थे, बल्ले का लीडिंग एज लगा और गेंद हवा में गई और कवर में आसान सा कैच लपक लिया। अय्यर 8 गेंद में एक रन ही बना पाए। उनकी जगह अक्षर पटेल क्रीज पर आए।

19:50 (IST) 10 Oct 2021
चौका जड़ पवेलियन लौटे धवन

चौथा ओवर जोश हेजलवुड लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर शिखर धवन ने चौका लगाया। हालांकि, अगली ही गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें विकेट के पीछे एमएस धोनी ने लपका। धोनी 7 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए। धवन का दुबई में या तो बड़ी पारी खेलते हैं या फिर दोहरे अंक में भी नहीं पहुंचते। आज भी यही हुआ। उनकी जगह श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए आए।

19:44 (IST) 10 Oct 2021
जोश हेजलवुड की गेंद पर जड़े चौके-छक्के

चेन्नई की ओर से दूसरा ओवर जोश हेजलवुड लेकर आए। पृथ्वी ने उनकी चौथी गेंद, जो बाउंसर थी, उसे स्लिप के ऊपर से सीमा-रेखा के पार पहुंचा दिया। पृथ्वी ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाया। यह भी बाउंसर थी, शरीर की ओर, मिडिल स्टंप पर। पृथ्वी ने जोर से बल्ला चलाया। गेंद ने बल्ले का ऊपरी किनारा छुआ और इस बार हवाई यात्रा करते हुए सीमा रेखा पार पहुंच गई। यह मैच का पहला छक्का है।

19:40 (IST) 10 Oct 2021
दूसरी गेंद पर लिया पहला रन

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने पारी की शुरुआत की। चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से दीपक चाहर पहला ओवर लेकर आए। पृथ्वी ने दीपक की दूसरी गेंद को स्कॉयर लेग की ओर धकेल कर एक रन चुराया। इसके साथ ही उन्होंने अपना और दिल्ली कैपिटल्स का खाता खोला।

19:09 (IST) 10 Oct 2021
ये है दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन

दिल्ली कैपिटल्स: शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), श्रेयस अय्यर, शिमरॉन हेटमायर, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, टॉम करन, आवेश खान, एनरिक नॉर्टजे।

19:08 (IST) 10 Oct 2021
ये है चेन्नई सुपरकिंग्स की प्लेइंग इलेवन

चेन्नई सुपरकिंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डुप्लेसिस, मोईन अली, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जोश हेजलवुड।