भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी अपने विकेटकीपिंग के तरीके को लेकर काफी मशहूर हैं। विकेटकीपिंग में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम करने वाले धोनी ने शनिवार (5 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाड़ी एबी डिविलियर्स का बड़ी ही सफाई से शिकार किया। धोनी ने डिविलियर्स को इस तरह से आउट किया कि उन्हें पता भी नहीं चला। डिविलियर्स 3 गेंद पर 1 रन बनाकर खेल रहा थे, कि तभी हरभजन सिंह की गेंद पर धोनी ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। डिविलियर्स शायद आरसीबी के लिए ज्यादा रनों की पारी खेल लेते, लेकिन धोनी ने उनके बल्ले को बरसने का मौका ही नहीं दिया। शनिवार को आईपीएल के सीजन 11 का 35वां मैच आरसीबी और सीएसके के बीच खेला जा रहा है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हो रहे इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर की टीम ने 118 रन बनाए।

<

इसके साथ ही धोनी ने स्टंपिंग के मामले में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। धोनी आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने आईपीएल के सभी संस्करणों में 32 स्टंपिंग करते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस स्थान पर उनके साथ कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के उपकप्तान रॉबिन उथप्पा भी हैं। दोनों संयुक्त रूप से आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं इस लिस्ट में दिनेश कार्तिक 28 स्टंपिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं। रिद्धिमान साहा 18 स्टंपिंग के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं 16 स्टंपिंग के साथ एडम गिलक्रिस्ट चौथे स्थान पर और 14 स्टंपिंग के साथ पार्थिव पटेल पांचवें स्थान पर हैं।

बता दें कि चेन्नई की टीम ने टॉस जीतते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए। बैंगलोर के लिए पार्थिव पटेल ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। पटेल ने 41 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शानदार पारी खेली। वहीं टिम साउदी ने बैंगलोर के लिए 26 गेंदों पर 36 रन बनाए।