इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में शनिवार मुंबई इंडियंस (MI) को खिलाफ मोइन अली की जगह अजिंक्य रहाणे को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए डेब्यू करने का मौका मिला और उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपका। मुंबई के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने वाले रहाणे ने अपने घरेलू मैदान वानखेड़े पर शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 19 गेंद पर सीजन का अबतक का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स (RR) के जोस बटलर और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के शार्दुल ठाकुर के नाम था। दोनों ने 20-20 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था।
अजिंक्य रहाणे टीम इंडिया से लंबे समय से बाहर चल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट गंवा दिया। इस बीच उनकी यह पारी आई है। हालांकि, रहाणे इस पारी के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी सुरेशा रैना का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। रैना के नाम सीएसके के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड है। उन्होंने साल 2014 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ वानखेड़े में ही 16 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था। सीएसके के लिए राहणे ने संयुक्त रूप दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। मोइन अली भी 19 गेंद पर अर्धशतक जड़ चुके हैं। महेंद्र सिंह धोनी और अंबाति रायुडू ने 20 – 20 गेंद पर अर्धशतक जड़ा है।
पैट कमिंस और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड भी तोड़ने से चूक गए रहाणे
अजिंक्य रहाणे इस पारी के दौरान पैट कमिंस और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड भी तोड़ने से चूक गए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक जडने का रिकॉर्ड पैट कमिंस के नाम है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए साल 2022 में पुणे में 14 गेंद पर अर्धशतक ठोका था। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने 2019 में वानखेड़े में ही 18 गेंद पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था।
अजिंक्य रहाणे ने लगातार 2 गेंद पर 2 चौका जड़कर अर्धशतक पूरा किया
मुंबई इंडियंस की टीम बल्लेबाजी के दौरान जूझती दिखी थी। उसी पिच पर रहाणे ने बड़े शानदार शॉट लगाए। उन्होंने छठे ओवर में लगातार 2 गेंद पर 2 चौका जड़कर अर्धशतक पूरा किया। इसके अलावा उन्होंने अरशद खान के एक ही ओवर में एक छक्का और लगातार 4 चौके की मदद से 23 रन जड़े। यह चेन्नई की पारी का चौथा ओवर था। रहाणे जब क्रीज पर उतरे तब चेन्नई का स्कोर बगैर रन के 1 विकेट था। डेवोन कॉनवे बगैर खाता खोले जेसन बेहरनड्रॉफ की गेंद पर पवेलियन लौट गए।