इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अबतक शानदार प्रदर्शन किया है। अक्षर पटेल की अगुआई वाली टीम ने शनिवार (5 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 25 रन से हरा दिया। वह 16 साल बाद लगातार पहले तीन मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची। दिल्ली कैपिटल्स ने 15 साल बाद चेपक में जीत दर्ज की। इससे पहले पिछले हफ्ते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 17 साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स के गढ़ में जीत दर्ज की थी।

ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने मुंबई इंडियंस (MI)को हराकर अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद से उसका लय गड़बड़ाया और वह लगातार 3 मैच हार गई। 5 बार की चैंपियन टीम का प्रदर्शन खराब ही होता जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वह 184 रन के टारगेट के जवाब में 5 विकेट पर 158 रन ही बना पाई। विजय शंकर ने 69 रन बनाए, लेकिन उन्होंने 54 गेंद ले लिए। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने 26 गेंद पर नाबाद 30 रन बनाए। 10.4 ओवर में 74 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद धोनी क्रीज पर आए। दोनों बल्लेबाजों को देखकर लगा ही नहीं कि वे जीत के लिए खेल रहे हैं।

बेंगलुरु के बाद दिल्ली ने तोड़ा ‘चेन्नई’ का घमंड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले हफ्ते आईपीएल 2008 के बाद पहली बार चेपक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2010 के बाद से इस मैदान पर पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स को हराया। 15 साल पहले दिल्ली की टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स हुआ करता था।

दिल्ली ने खत्म किया 16 साल का सूखा

अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद उसने सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया। वह अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। 16 साल बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम शुरुआती तीनों मैच जीती है। इससे पहले 2009 में उसने शुरुआती 3 मैच जीते थे। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच देखने महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें