इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की हालत खराब है। 5 बार की चैंपियन टीम 4 में से 1 मैच जीतकर अंक तालिका में 9वें नंबर पर है। ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली टीम को शनिवार (5 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 25 रन से हराया।

दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई की टीम 5 विकेट पर 158 रन बनाई। यानी एक बार फिर 180 से ज्यादा का टारगेट चेज करते हुए चेन्नई के हाथ-पांव फूल गए। चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरी बार 2018 में 180 से ज्यादा के टारगेट को हासिल किया था। बीते 6 साल में वह 2 बार चैंपियन बनी है, लेकिन 1 बार भी 180 से ज्यादा का टारगेट हासिल नहीं कर पाई है।

10 बार 180 से अधिक के लक्ष्य को हासिल करने में विफल

सीएसके 2020 से अब तक 10 बार 180 से अधिक के लक्ष्य को हासिल करने में विफल रही है। तीन अन्य टीमें 180 से अधिक लक्ष्य का पीछा करने में विफल रहने के मामले में चेन्नई से भी आगे रही हैं। पंजाब किंग्स 2015 से 2021 में 15, आरसीबी 2019 से 2023 में12 और सनराइजर्स हैदराबाद 2020 से 2023 में11 बार 180 से ज्यादा का टारगेट हासिल करने में विफल रही।

सीएसके ने आखिरी बार कब किया था 180 से अधिक का टारगेट हासिल

आईपीएल 2018 में सीएसके ने आखिरी बार 180 या उससे अधिक रनों के लक्ष्य को हासिल किया था। चेन्नई ने पुणे में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 180 रनों का टारगेट चेज किया था। उसने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। उस समय तक 180 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके का जीत-हार का रिकॉर्ड 9-9 था। अब यह रिकॉर्ड 10-9 हो गया है।