भारतीय उपमहाद्वीप में क्रिकेट को लेकर लोगों के बीच बहुत ही क्रेज है। भारत, पकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश में क्रिकेट फैन्स अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की अख़बार में छपी फोटो तक सहेजकर रखते हैं। क्रिकेट प्रशंसकों के अंदर अपने पसंदीदा खिलाड़ी से मिलने, उसके बारे में पढ़ने और जानने की जिज्ञासा होती है। वहीं, कुछ क्रिकेट प्रशंसक ऐसे भी होते हैं जिनके पास पैसों की कोई कमी नहीं होती, वे क्रिकेट और अपने फेवरेट खिलाड़ी से जुड़ी चीजों को हासिल करने का प्रयास करते हैं, इसके लिए वो मनचाही कीमत तक अदा करने के लिए राजी रहते हैं। अक्सर हमें सुनने पढ़ने को मिल जाता है कि फलाने खिलाड़ी ने चैरिटी के लिए अपना बल्ला, जूता, टीशर्ट या अन्य किसी चीज की निलामी की। किसी खास टूर्नामेंट से जुड़ी यादगार चीजों की भी निलामी की जाती है और इन चीजों को हासिल करने के लिए लोगों के बीच दीवानगी भी देखते ही बनती है।
यदि यह निलामी सचिन तेंदुलकर या वसीम अकरम से संबंधित हों, तो फिर क्या कहने। मुंबई टेस्ट के पहले दिन गुरुवार शाम को ऐसी ही एक नीलामी हुई, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम और सचिन तेंदुलकर से जुड़ी चीजों को निलाम किया गया। वसीम अकरम ने 1992 वर्ल्ड कप में जो जर्सी पहना था उसको नीलामी के लिए सचिन तेंदुलकर द्वारा 2003 वर्ल्ड कप में पहनी गई जर्सी के साथ मुकाबले में रखा गया था। अकरम की 1992 वर्ल्ड कप की जर्सी ने सचिन तेंदुलकर की 2003 वर्ल्ड कप की जर्सी को पछाड़ दिया। हालांकि, दोनों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। इस नीलामी का आयोजन मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम स्थित क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) में हुआ। इस निलामी का आयोजन ‘काठिवाड़ा आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स’ की ओर से किया गया था।
यह भारत में इस तरह की पहली नीलामी थी। इस नीलामी में पूर्व क्रिकेटर फारुख इंजीनियर, सलीम दुर्रानी और यजुवेंद्र सिंह भी शामिल हुए। नीलामी की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमेन से जुड़े सिक्के से हुई, जो 36,000 रुपए में बिका। वसीम अकरम की जर्सी का बेस प्राइज 70 हजार रुपए रखा गया था, वहीं सचिन की जर्सी का बेस प्राइज एक लाख रुपए था। अकरम की जर्सी के लिए बोली 8 मिनट चली और वह 3,40,000 रुपए में बिकी, जबकि सचिन की जर्सी की बोली एक लाख से शुरू हुई। एक समय लग रहा था कि सचिन की जर्सी की बोली अकरम की जर्सी की बोली को पार कर जाएगी, लेकिन वह 3,30,000 रुपयों पर रुक गई। सचिन तेंदुलकर के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी की ओर से बनाया गया विशेष सिक्का 15,000 रुपए में बिका। वसीम अकरम और सचिन की जर्सी की नीलामी राशि चैरिटी के लिए जाएगी। वहीं, अन्य चीजों की नीलामी से प्राप्त राशि को किस मद में खर्च किया जाएगा इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पायी है।

