भारतीय टीम ने अपने फैंस का 13 साल पुराना इंतजार आखिरकार खत्म कर दिया। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता और आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार भी खत्म किया। 13 साल बाद जब टीम इंडिया चैंपियन बनी तो सोशल मीडिया से दूर रहने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट की और अपने खिलाड़ियों को मुबारकबाद दी और जन्मदिन के तोहफे के लिए भी धन्यवाद कहा। महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने भी महज तीन शब्दों में अपने दिल का हाल बयां दिया।
महेंद्र सिंह धोनी ने किया पोस्ट
भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में सात रन से जीत हासिल की। महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर पिछला पोस्ट लगभग एक साल पहले 7 जुलाई 2023 को शेयर किया था। इसके बाद उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल पर पोस्ट किया। उन्होंने टीम इंडिया की ट्रॉफी उठाते हुए तस्वीर शेयर की और बैकग्राउंड में चक दे इंडिया गाना लगाया।
धोनी ने बर्थडे गिफ्ट के लिए कहा शुक्रिया
धोनी ने कैप्शन में लिखा, ‘वर्ल्ड चैंपियंस 2024। मेरे दिल की धड़कनें बहुत बढ़ गई थी। आपने खुद को शांत रखने, खुद पर भरोसा रखने और जो करते आ रहे हो वही आपने किया। पूरी दुनिया में मौजूद सभी भारतीय खिलाड़ियों की तरफ से वर्ल्ड कप घर लाने के लिए शुक्रिया। अरे जन्मदिन के लिए इस अनमोल तोहफे के लिए धन्यवाद।’
10 साल में पहली बार क्रिकेट पर किया पोस्ट
धोनी ने साल 2014 में इंस्टाग्राम जॉइन किया था। 10 सालों में पहला मौका है जब धोनी ने क्रिकेट मैच से जुड़ा कोई पोस्ट शेयर किया है। धोनी ने हमेशा कहा है कि वह सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखते हैं। हालांकि टीम इंडिया की जीत ने धोनी को भी सोशल मीडिया पर आने के लिए मजबूर कर दिया।
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी टीम इंडिया की जीत पर अपनी दिल की बात बयां की। उन्होंने एक्स पर केवल तीन शब्द लिखे। उन्होंने लिखा, ‘चक दे इंडिया।’ उन्होंने इंस्टाग्राम पर टीम के लिए खास मैसेज भी लिखा। सचिन ने इस पोस्ट में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह के अलावा कोच राहुल द्रविड़ और कोचिंग स्टाफ के लिए खास संदेश लिखा। सचिन ने पोस्ट में लिखा कि साल 2007 में उनकी टीम ने वेस्टइंडीज में जिस हार का सामना किया औज उसका बदला पूरा हो गया।