भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सात जुलाई 2024 को 43 साल के हो गए। धोनी अकसर अपना जन्मदिन करीबी दोस्तों और परिवार के साथ मनाते हैं। हालांकि इस बार महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान नजर आए। सलमान खान के अलावा धोनी की पत्नी साक्षी धोनी भी नजर आए।
धोनी ने सलमान के साथ मनाया जन्मदिन
सोशल मीडिया धोनी का वीडियो वायरल हुआ। धोनी इस वीडियो में आधी रात को केक काटते हुए नजर आए। उनके सामने तीन चार केक रखे हुए थे। उनके बगल में एक्टर सलमान खान खड़े थे। वहीं दूसरी ओर उनकी पत्नी साक्षी धोनी नजर आ रही थी। केक काटने के बाद धोनी ने पहले साक्षी को केक खिलाया और फिर सलमान खान को केक दिया।
साक्षी ने लिया धोनी का आशीर्वाद
साक्षी ने महेंद्र सिंह धोनी को केक खिलाया। इसके बाद वह झुकी और उन्होंने धोनी का पैर छुए और आशीर्वाद लिया और भी हाथ जोड़े। धोनी ने भी हाथ उठाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। आसपास खड़े लोगों की हंसने की आवाज आ रही थी।
सुरेश रैना ने भी दी बधाई
सलमान खान ने धोनी के साथ इसी केक कटिंग की तस्वीर शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक कप्तान साहब।’ धोनी के जिगरी दोस्त सुरेश रैना ने भी धोनी को बधाई दी। उन्होंने अपने परिवार और धोनी के परिवार की तस्वीर शेयर की। दोनों चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आ रहे थे। रैना को हमेशा से ही धोनी का सबसे करीबी माना जाता है। टीम इंडिया से लेकर आईपीएल तक में दोनों हमेशा नजर आते थे। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक, माही भाई। मैं चाहता हूं कि आपका दिन आपके हेलीकॉप्टर शॉट और स्टंपिंग जैसा शानदार हो। आपके लिए यह दिन मुबारक हो।’
धोनी इस समय मुंबई में है। वह देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में शिरकत करने पहुंचे हैं। जन्मदिन से एक दिन पहले धोनी और साक्षी अनंत और राधिका के संगीत में भी पहुंचे थे। दोनों काफी स्टाइलिश नजर आ रहे थे।