क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंडुलकर को सिर्फ मैदान पर अपने प्रदर्शन के कारण महान नहीं कहा जाता है। सचिन को सामाजिक कामों में भागीदारी और लोगों को उसके लिए जागरूक करने के कारण भी जाना जाता है। कितनी ही बार ऐसी तस्वीरें आईं हैं जिनमें सचिन लोगों को सड़क पर हेलमेट पहनकर चलने और यातायात के नियम पालन करने के लिए कहते दिखते हैं। उन्होंने अपने फैन्स को गर्व का एक और मौका दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में मास्टर ब्लास्टर अपनी बालकनी में एक चील को बचाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में साफ दिखता है कि वह घायल है और उड़ पाने में असमर्थ है।

जब आसमान से आग बरस रही हो, ऐसे गर्म मौसम में पक्षी और जानवर अक्सर शरण लेने या मदद पाने के लिए लोगों के घरों में आ जाते हैं। लेकिन उनमें से कुछ ही लोग हैं जो आगे बढ़कर परेशान जानवर की मदद का फैसला लेते हैं। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपने फेसबुक पेज पर ऐसा ही एक वीडियो फुटेज शेयर किया है। इसमें दिखता है कि वह परेशान हैं कि घायल पक्षी की मदद कैसे की जाए। वह मदद करने की कोशिश करते हैं लेकिन सचिन भ्रमित हैं कि उसे खाने के लिए चिकन दिया जाए या ब्रेड। पक्षी को क्या पसंद आएगा? सचिन अपने हाथों से उसे खिलाने की कोशिश करते हैं।

सचिन को घायल पशुओं की मदद का बहुत ज्यादा अनुभव नहीं है। इसीलिए उन्होंने इस काम में माहिर मुंबई के एक एनजीओ से संपर्क किया। टाइम लैप्स वाले इस वीडियो फुटेज में दिखता है कि कैसे एनजीओ के स्वयंसेवक उनके घर में आते हैं और वह उन्हें बताते हैं कि पक्षी बेहद प्यासा और थका हुआ है। शायद इसीलिए वह उड़ान भी नहीं भर पा रहा है।

बाद में, कुछ ही दिनों की देखभाल और प्यार के बाद वह फिर से आसमान में उड़ान भरने के लिए निकल पड़ा। वायरल वीडियो को 10 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। लोग सोशल मीडिया पर सचिन की इस दरियादिली की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। सचिन ने अपने प्रशंसकों से अपील की है कि वह भी परेशान लोगों की मदद करें और विशेषज्ञों से संपर्क करें। अगर उन्हें कभी ऐसी मुश्किल का सामना करना पड़े।