IPL 2019, DC vs SRH Match Eliminator: भारतीय टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आईपीएल में लगातार अपने बल्ले का दम दिखा रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए ऋषभ कई बार मुश्किल परिस्थतियों से टीम को निकालने का कारनामा कर चुके हैं। हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले के दौरान भी पंत ने 21 गेंदों में ताबड़तोड़ 49 रनों की पारी खेली। इस पारी के दौरान पंत के बल्ले से 5 छक्के भी निकले। इन छक्कों की मदद से ऋषभ ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, पिछले तीन साल के दौरान आईपीएल में सबसे अधिक सिक्स जड़ने के मामले में पंत का नाम सबसे ऊपर है। ऋषभ पंत ने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ यह मुकाम हासिल किया है। साल 2017 के बाद से आंद्रे रसेल और क्रिस गेल को पछाड़ अब ऋषभ पंत सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। क्रिस गेल की बात करें तो गेल के बल्ले से साल 2017 के बाद अब तक कुल 75 छक्के निकले हैं।
वहीं इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स को कई मैच अकेले दम पर जिताने वाले आंद्रे रसेल के नाम पिछले तीन सालों में कुल 83 छक्के हैं। वहीं हैदराबाद के खिलाफ 5 छक्के लगाने के साथ ही ऋषभ इन दोनों ही खिलाड़ियों को पछाड़ टॉप पर पहुंच गए हैं। ऋषभ पंत के नाम कुल 87 छक्के हैं और इस सीजन उन्हें एक या दो पारी और खेलने को मिल सकती है। वहीं आंद्रे रसेल और क्रिस गेल की टीमें अब बाहर हो गई है।
ऐसे में ये दोनों ही खिलाड़ी के पास इस सीजन अब कोई मैच बाकी नहीं है और इस लिस्ट में पंत टॉप पर बरकरार रहेंगे। अगर इस सीजन की बात करें तो सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम दर्ज है। रसेल ने 14 मैचों में 52 छक्के लगाने का कारनामा किया है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एम एस धोनी के बल्ले से पिछले तीन सालों के दौरान 69 छक्के निकले हैं।


