कोरोनावायरस के कारण दुनिया के कई देशों में लॉकडाउन हैं। इस खतरनाक वायरस के कारण दुनिया भर में 24 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। एक लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। भारत की बात करें तो 17 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। 500 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इस खतरनाक वायरस के कारण खेलों के सभी टूर्नामेंट को रद्द या स्थगित कर दिया गया है। खिलाड़ी सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ रहे हैं।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला क्रिकेट खेल रही हैं। femalecricket नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें 80 साल की महिला एक बच्चे के साथ गली क्रिकेट खेल रही है। वे बच्चे को गेंद फेंक रही है और वह शॉट लगा रहा है। महिला ने लगातार चार कैच भी लिए। यह वीडियो लगातार वायरल हो रहा है।

वीडियो पोस्ट करते हुए femalecricket ने कैप्शन में लिखा- नवीन और उसकी 80 साल की दादी से मिलिए। दादी जीवन में पहली बार क्रिकेट खेल रही हैं। उन्होंने पहली बार गेंदबाजी में हाथ आजमाया है। एक फैन ने कमेंट में बताया कि ये दोनों केरल के हैं। एक यूजर ने कहा- उम्र तो बस एक नंबर है। अब तक 3 हजार से ज्यादा लोग इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर देख चुके हैं।


कोरोनावायरस के कारण भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे की सीरीज को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां सीजन 29 मार्च से होना था। पहले इसे 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया था। फिर लॉकडाउन जब 3 मई तक बढ़ाया गया तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टूर्नामेंट को अनिश्चिकाल के लिए टाल दिया गया है।