इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 8 विकेट से हरा दिया। अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता के कप्तान इयोन मॉर्गन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, लेकिन उनकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट 84 रन ही बना पाई। यह उसका आईपीएल में दूसरा न्यूनतम स्कोर है। आईपीएल में केकेआर का न्यूनतम स्कोर 67 रन है जो उसने 2008 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था। यह तीसरा मौका है, जब केकेआर की टीम तिहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलौर ने 13.3 ओवर में 2 विकेट पर 85 रन बना मैच अपने नाम कर लिया।

इससे पहले मॉर्गन का फैसला गलत साबित हुआ। कोलकाता की आधी टीम महज 32 रन पर पवेलियन लौट गई थी। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने 2 ओवर मेडन फेंके। उनके अलावा क्रिस मॉरिस और वॉशिंगटन सुंदर ने भी 1-1 ओवर मेडन फेंका। आईपीएल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी मैच में गेंदबाजों ने 4 ओवर मेडन फेंके गए हैं।

युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर ने 14 रन देकर एक विकेट लिया। केकेआर के सिर्फ 4 बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। उसकी ओर से कप्तान इयोन मॉर्गन ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। उनके बाद दूसरा सर्वोच्च स्कोर नौवें नंबर के बल्लेबाज लॉकी फर्ग्युसन (नाबाद 19) का रहा।

छोटे लक्ष्य के सामने आरसीबी के ओपनर्स देवदत्त पडिक्कल (17 गेंदों पर 25) और एरोन फिंच (21 गेंदों पर 16) ने कोई हड़बड़ी नहीं दिखाई।उन्होंने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 44 रन बनाए। यह लगातार 5वां मैच है, केकेआर पावरप्ले में विकेट लेने में नाकाम रहा। केकेआर ने लॉकी फर्ग्युसन को पावरप्ले के बाद गेंद सौंपी। उन्होंने दूसरी गेंद पर फिंच को विकेट के पीछे कैच करा दिया। दूसरे सलामी बल्लेबाज पडिक्कल इसी ओवर में रन आउट हो गये। गुरकीरत सिंह (26 गेंदों पर नाबाद 21) और कप्तान विराट कोहली (17 गेंदों पर नाबाद 18) ने 39 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

IPL 2020 Live Cricket Score, RR vs SRH Match Live Updates: यहां जानिए राजस्थान और हैदराबाद के बीच मैच की लाइव स्ट्रीमिंग

इससे पहले हुए मैच में भी रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने कोलकाता नाइटराइडर्स को बड़े अंतर से हराया था। विदेश में दोनों के बीच अब तक 4 मैच खेले गए हैं, चारों में ही बंगलौर ने बाजी मारी है। 2014 में दोनों के बीच दक्षिण अफ्रीका में दो मैच खेले गए थे। दोनों को बंगलौर ने जीता था।

[ie_ipl_scorecard match_id=47976]

Live Blog

22:15 (IST)21 Oct 2020
आरसीबी को जीत के लिए चाहिए सिर्फ 22 रन

10 ओवरों का खेल हो चुका है। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर का स्कोर 2 विकेट पर 63 रन है। गुरकीरत सिंह मान 14 गेंद में 10 और विराट कोहली 8 गेंद में 7 रन बनाकर खेल रहे हैं। उसे जीत के लिए 22 रन की जरूरत है, जबकि 60 गेंदें और 8 विकेट गिरना शेष हैं। इससे पहले लॉकी फर्ग्युसन के ओवर (पारी का 7वां ओवर) में देवदत्त पडिक्कल और एरोन फिंच आउट हुए। फिंच दूसरी गेंद पर 21 गेंद में 16 रन बनाकर विकेट के पीछे कार्तिक के हाथों लपके गए। चौथी गेंद पर पडिक्कल रन आउट हो गए। पडिक्कल ने 17 गेंद में 25 रन बनाए।

21:52 (IST)21 Oct 2020
बंगलौर ने पावर प्ले में बनाए 44 रन

85 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने पावर प्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में बिना विकेट खोए 44 रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल 24 और एरोन फिंच 16 रन पर खेल रहे हैं। केकेआर की ओर से पैट कमिंस, प्रसिद्ध कृष्णा और वरुण चक्रवर्ती क्रमशः 3, 2 और एक ओवर फेंक चुके हैं, लेकिन कोई भी सफलता नहीं हासिल कर पाए हैं।

21:07 (IST)21 Oct 2020
कुलदीप और लॉकी फर्ग्युसन ने केकेआर को ऑलआउट होने से बचाया

19वें ओवरों के बाद कोलकाता का स्कोर 7 विकेट पर 74 रन है। कुलदीप यादव 17 गेंद में 7 और लॉकी फर्ग्युसन 12 गेंद में 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों ने 8वें विकेट के लिए 17 रन जोड़ लिए हैं। कहना गलत नहीं होगा कि इन दोनों ने कोलकाता को ऑलआउट होने से बचा लिया।

20:56 (IST)21 Oct 2020
केकेआर की आखिरी उम्मीद टूटी

16वें ओवर में कोलकाता नाइटराइडर्स को 7वां झटका लगा। इसके साथ ही उसकी आखिरी उम्मीद भी टूट गई। 16वां ओवर वॉशिंगटन सुंदर लेकर आए। सुंदर ने चौथी गेंद पर इयोन मॉर्गन को गुरकीरत सिंह मान के हाथों कैच करा दिया। मॉर्गन ने 34 गेंद 30 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और एक छक्का लगाया।

20:46 (IST)21 Oct 2020
15वें ओवर में केकेआर बना पाया अर्धशतक

15 ओवरों का खेल हो चुका है। केकेआर के खाते में अभी 52 रन ही जुड़े हैं, जबकि 6 खिलाड़ी पवेलियन पहुंच चुके हैं। क्रीज पर कप्तान इयोन मॉर्गन और कुलदीप यादव हैं। इससे पहले पांचवें विकेट के रूप में दिनेश कार्तिक आउट हुए। उन्हें युजवेंद्र चहल ने अपना शिकार बनाया। कार्तिक 9वें ओवर की चौथी गेंद पर 4 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हुए। उनकी जगह पैट कमिंस आए। कमिंस भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। 13वें ओवर में चहल ने उन्हें भी देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच करा दिया। कमिंस 17 गेंद में 4 रन ही बना पाए।

20:38 (IST)21 Oct 2020
केकेआर की हालत खस्ता

आठ ओवरों का खेल हो चुका है। केकेआर के खाते में 30 रन जुड़े हैं, जबकि उसके 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। इस समय क्रीज पर इयोन मॉर्गन और दिनेश कार्तिक हैं। दोनों पर बड़ी जिम्मेदारी है। मॉर्गन 17 गेंद में 12 और कार्तिक 11 गेंद में 3 रन बनाकर खेल रहे हैं। मॉर्गन ने एक चौका और एक छक्का लगाया है। इससे पहले पावर प्ले में केकेआर ने सिर्फ 17 रन बनाए। जो उसका आईपीएल के इतिहास में अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। इससे पहले उसका खराब प्रदर्शन 3 विकेट पर 21 रन था। जो उसने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ केपटाउन में बनाया था।

19:59 (IST)21 Oct 2020
4 ओवर में KKR ने गंवाए 4 विकेट, बनाए सिर्फ 14 रन

आरसीबी के खिलाप मैच में केकेआर की हालत खस्ता है। उसने 4 ओवर में ही अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए हैं। इस समय क्रीज पर दिनेश कार्तिक और कप्तान इयोन माॉर्गन हैं। मोहम्मद सिराज ने 2 ओवर में सिर्फ एक रन देकर 3 विकेट ले लिए हैं। उन्होंने अपने दूसरे और पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर टॉम बैंटन को भी पवेलियन की राह दिखा दी। बैंटन एक चौके और एक छक्के की मदद से 8 गेंद में 10 रन ही बना पाए। 4 ओवरों बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 14 रन है।

19:52 (IST)21 Oct 2020
मोहम्मद सिराज के बाद नवदीप सैनी ने भी दिया केकेआर को तगड़ा झटका

केकेआर को 2 गेंद में 2 झटके लगे। मोहम्मद सिराज दूसरा ओवर लेकर आए। उन्होंने तीसरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी को विकेट के पीछे एबी डिविलियर्स के हाथों कैच कराया। चौथी गेंद पर नितीश राणा को बोल्ड कर दिया। राणा खाता भी नहीं खोल पाए। राणा की जगह टॉम बैंटन क्रीज पर आए। तीसरा ओवर नवदीप सैनी ने फेंका। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को क्रिस मॉरिस के हाथों कैच करा दिया। इस तरह केकेआर ने 6 गेंद के अंदर 3 विकेट गंवा दिए। शुभमन की जगह दिनेश कार्तिक मैदान पर आए। राहुल 5 और शुभमन 6 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए।

19:38 (IST)21 Oct 2020
क्रिस मॉरिस ने पहले ओवर में दिए सिर्फ 3 रन

कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से राहुल त्रिपाठी और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के लिए पहला ओवर क्रिस मॉरिस लेकर आए। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। शुभमन और राहुल के बल्ले से एक-एक रन आया, जबकि एक रन वाइड से मिला।

19:11 (IST)21 Oct 2020
कोलकाता नाइटराइडर्स की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइटराइडर्स : इयोन मॉर्गन (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, शुभमन गिल, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, कुलदीप यादव, पैट कमिंस, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, लॉकी फर्ग्युसन।

19:08 (IST)21 Oct 2020
रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की प्लेइंग इलेवन

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, एरोन फिंच, एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), गुरकीरत सिंह मान, वॉशिंगटन सुंदर, क्रिस मॉरिस, इसुरू उडाना, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज।

18:45 (IST)21 Oct 2020
शानदार फॉर्म में है आरसीबी का टॉप ऑर्डर

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के शीर्ष-4 बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टीम के लिए अब तक नौ मैच में 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। कप्तान विराट कोहली के नाम सबसे ज्यादा 347 रन दर्ज हैं। युजवेंद्र चहल, क्रिस मॉरिस, इसुरू उडाना और वॉशिंगटन सुंदर कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं। चहल ने अब तक टीम के लिए सबसे ज्यादा 13 विकेट लिए हैं।