किंग्स इलेवन पंजाब मुंबई इलेवन के गेंदबाजों के खिलाफ एक बार फिर से फॉर्म में दिखे। हालांकि अन्य मैचों के मुकाबले इस कॉम्पीटिशन में उनके बल्ले से छक्के कम ही निकले। लेकिन उनका एक छक्का कमाल कर गया। मिशेल मैक्लेघन की गेंद पर आईपीएल के इस बैटिंग स्टार ने ऐसा छक्का मारा कि गेंद इंदौर के होल्कर स्टेडियम की छत पर चली गई। यूं तो आईपीएल में छक्का लगाने के लिए गेल मशहूर हैं। लेकिन ऐसा आसमानी छक्का उनके बल्ले से कम ही निकलता है। मैच का छठा ओवर चल रहा था। मिशेल मैक्लेघन अपने दूसरे ओवर के लिए बॉलिंग कर रहे थे। उनकी दूसरी गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ थी। इस पर गेल ने डीप स्क्वायर लेग की ओर ऐसा मारा कि गेंद सीधें स्टेडियम की छत पर चली गई। 92 मीटर लंबा ये छक्का स्टेडियम में बैठे लोगों को रोमांचित कर गया।
इस मैच में मुंबई इंडियंस ने सूर्य कुमार यादव और क्रुणाल पांडया की मदद से जीत हासिल की। इससे पहले, मुंबई के कप्तान रोहित ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उनके गेंदबाज एक लिहाज से गेल को शांत रखने में कामयाब रहे। गेल उस अंदाज में नहीं दिखे जो इस मैच से पहले उन्होंने दिखाया था। गेल ने 40 गेंदों का सामना किया और दो छक्के और चार चौके लगाए। उन्होंने 50 रन बनाए। उम्मीद के मुताबिक पंजाब को अच्छी शुरुआत मिली। गेल और लोकेश राहुल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 6.4 ओवरों में 54 रन जोड़े। हालांकि इस सलामी जोड़ी ने स्वभाव के विपरित थोड़ी धीमी गति से रन जोड़े। मिशेल मैक्लेघन, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक के विफल होने के बाद रोहित ने लेग स्पिनर मयंक मारकंडे को गेंद दी। राहुल, मयंक की एक गुगली को डीप मिडविकेट पर खड़े ज्यां पॉल ड्यूमिनी के हाथों में खेल बैठे। राहुल ने 20 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाए।
गेल ने बेन कटिंग द्वारा फेंके गए 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर आईपीएल में अपना 25वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन तीन गेंद पर बाद वह कटिंग की गेंद पर छक्का मारने के प्रयास में सूर्यकुमार को कैच दे बैठे। गेल का विकेट 88 के कुल स्कोर पर गिरा। पंजाब ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए थे। जबाव में मुंबई ने इस लक्ष्य को 19 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।