इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में शनिवार को दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा। वानखेड़े में इस मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर बेन स्टोक्स चोटिल हो गए हैं और उनके इस मैच में खेलने पर संदेह है। इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में अभ्यास सत्र के बाद स्टोक्स को एड़ी में दर्द हुआ और उन्हें दस दिनों के आराम की सलाह दी गई है।
सीएसके की मेडिकल टीम अंतिम निर्णय लेने से पहले शनिवार दोपहर को बेन स्टोक्स के चोट का आकलन करेगी। हालांकि, जो मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि वह मैच खेलने का जोखिम नहीं उठाएंगे। स्टोक्स को पिछले साल हुई मिनी ऑक्शन में सीएसके ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने इस सीजन में दो मैच खेले हैं। वह घुटने में चोट के साथ भारत आए हैं।
क्या महेंद्र सिंह धोनी की जगह कप्तान होंगे बेन स्टोक्स?
ऑलराउंडर मोइन अली से पूछा गया कि क्या वह अपने इंग्लैंड के साथी स्टोक्स को एमएस धोनी की जगह सीएसके के भविष्य के कप्तान के तौर पर देखते हैं। उन्होंने कहा, ” वह आनंद ले रहे हैं। सीएसके एक प्रकार की फ्रैंचाइजी है जिससे आप जुड़ने का बाद आनंद लेते हैं इस फ्रैंचाइजी के लिए खेलना पसंद करते हैं। वह टीम से घुल मिल गए हैं। वह अपने अनुभव के साथ टीम का एक बड़ा हिस्सा हैं।”
चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच
बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच को आईपीएल का एलक्लासिको कहा जाता है। दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंदिता मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से समय से चली आ रही है। आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 1 मैच जीती है और 1 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मुंबई की टीम 1 मैच खेली और उसमें उसे हार का सामना करना पड़ा है।