इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन-11 में शनिवार (28 अप्रैल) को मुंबई इंडियन और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा एक नया रिकॉर्ड दर्ज करने की कगार पर हैं। अगर वह इस मैच में 3 छक्के लगा देते हैं, तो वह टी20 फॉर्मेट में छक्का लगाने वाले एशिया के नंबर-1 और विश्व के 7वें बैट्समैन बन जाएंगे। रोहित ने आईपीएल में 179 छक्के लगाए हैं।

सीजन-11 में प्ले आफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखने के लिए गत चैंपियन मुंबई को चेन्नई के खिलाफ होने वाले मैच में जीत दर्ज करनी होगी। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई को पिछले छह मैचों में से एक केवल एक में जीत नसीब हुई है और वह आठ टीमों की तालिका में सातवें नंबर पर है। दो साल के प्रतिबंध के बाद लौटी महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी वाली चेन्नई छह मैचों में पांच मैच जीतकर शीर्ष पर है। दोनों टीमें लीग के 11वें सीजन में इससे पहले एक बार और भिड़ चुकी है जब चेन्नई ने मुंबई को एक गेंद शेष रहते एक विकेट से हराया था।

मुंबई के लिए उसके बल्लेबाजों का न चल पाना चिंता का विषय है। सूर्यकुमार यादव को छोड़कर कप्तान रोहित और किरोन पोलार्ड पिछले छह मैचों में से पांच में विफल रहे हैं। रायॅल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 94 रन बनाने के बाद रोहित ने पिछली पांच पारियों में केवल 20 रन ही बनाए हैं।

गेंदबाजी में मयंक मार्कंडेय अच्छा कर रहे हैं लेकिन उन्हें दूसरी तरफ से सहयोग नहीं मिल पा रहा है। मार्कंडेय ने अब तक छह मैचों में 10 विकेट लिए हैं। जसप्रीत बुमराह ने अब तक आठ विकेट झटके हैं लेकिन टीम एकजुट होकर प्रदर्शन नहीं कर पा रही है।