इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के प्लेऑफ में पहुंचने में ओपनर ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की भूमिका अहम रही है। 23 साल के अभिषेक ने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है। माना जा रहा है कि उन्हें जल्द ही भारतीय टीम में मौका मिलेगा। पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अभिषेक की रणजी ट्रॉफी टीम के पूर्व कप्तान हरभजन सिंह ने बड़ा दावा किया है।

अभिषेक ने जब रणजी में डेब्यू किया था तब पंजाब के कप्तान हरभजन थे। उन्होंने स्ट्रार स्पोर्ट्स पर सनराइजर्स के ओपनर को लेकर कहा कि वह टीम इंडिया के दरवाजे को खटखटा नहीं रहे हैं, तोड़ रहे हैं। तोड़ने के लिए बस अब तैयार खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस आईपीएल में अभिषेक ने जिस तरह की बल्लेबाजी की है उन्हें नहीं लगता किसी और युवा खिलाड़ी ने की है।

अभिषेक ने बल्ले से दबदबा दिखाया

हरभजन ने आगे कहा कि अभिषेक ने बल्ले से दबदबा दिखाया है। उन्होंने अबतक गेंदबाजी नहीं की, लेकिन वह भी काफी अच्छा करते हैं। वह शानदार ऑलराउंड हैं। वह पिछले 1-2 साल में उनकी प्रगति देखकर काफी खुश हैं। अभिषेक ने इस आईपीएल सीजन में 13 पारी में 109.41 की स्ट्राइक रेट से 467 रन बनाए हैं। उन्होंने 41 छक्के जड़े हैं।

अभिषेक को जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम में मौका मिल सकता है

अभिषेक को आईपीएल में पहली बार दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 2018 में अपने साथ जोड़ा था। वह तब 17 साल के थे। वह उसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप खेले थे। न्यूजीलैंड में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। 2019 में वह सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े। सबकुछ ठीक रहा तो अभिषेक को जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम में मौका मिल सकता है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के तुरंत बाद भारतीय टीम को दौरा करना है।