आईपीएल 2020 का आगाज हो चुका है। शुरुआती मुकाबले में चेन्नई और मुंबई की टीम आमने-सामने हुई। खबर लिखे जाने तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। मैच का परिणाम चाहे जो भी हो लेकिन एक ऐसा आंकड़ा है जो बताता है कि जीत से आईपीएल में अक्सर इबारत लिखने वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के सामने मुंबई इंडियंस ही सही मायनों में बाजीगर है। रोहित शर्मा की टीम के नाम आईपीएल में एक ऐसा रिकॉर्ड है जो सिर्फ मुंबई इंडियंस ने ही कायम किया है।
दरअसल, मुंबई इंडियंस ही ऐसी टीम है जिसने चेन्नई के सामने जितने मुकाबले हारे हैं उससे ज्यादा मैच मुंबई ने अपने नाम किया है।
मौजूदा मुकाबले को छोड़ दें तो दोनों टीमों के बीच अबतक 28 मुकाबले हुए हैं जिसमें से मुंबई ने 17 मैच जीते हैं जबकि चेन्नई ने 11 मुकाबले अपने नाम किए हैं।
दोनों टीमों के बीच ऐसा कोई मुकाबला नहीं रहा है जिसका परिणाम ना निकला हो। वहीं उच्चतम स्कोर की बात करें तो चेन्नई ने 208 रन बनाए हैं जबकि मुंबई इंडियंस के नाम 202 रन दर्ज हैं। न्यूनतम के मामले में भी चेन्नई मुंबई से पिछड़ती नजर आती है। चेन्नई के नाम 79 का न्यूनतम स्कोर है जबकि मुंबई का न्यूनतम स्कोर 141 रहा है।
2019 में मुंबई से एक बार भी नहीं जीती चेन्नई: 2019 का साल चेन्नई के लिए अच्छा नहीं रहा। पिछले साल चेन्नई की टीम मुंबई के सामने चार बार मैदान पर उतरी लेकिन हर बार उसके हाथ हार लगी। 3 अप्रैल 2019 के मुकाबले में रोहित की टीम ने 37 रन से मुकाबला जीता जबकि 26 अप्रैल को 46 रन से। इसी साल सात मई को खेले गए मुकाबले में मुंबई ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। पिछले साल फाइनल में मुंबई ने चेन्नई को महज एक रन से हरा दिया था और ट्रॉफी अपने नाम कर ली थी।