इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 51वें मुकाबला में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ उसके 13 मैच में 18 अंक हो गए। दूसरी ओर दिल्ली की टीम की ये लगातार चौथी हार है। उसके 13 मैच में 14 अंक हैं। प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का करने के लिए दिल्ली को रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ 2 नवंबर को होने वाले मुकाबले में जीत दर्ज करनी होगी। साथ ही दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी।

मुंबई को दिल्ली ने 110 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में मुंबई की टीम ने 14.2 ओवर में 1 विकेट पर इसे हासिल कर लिया। ईशान किशन 47 गेंद पर 72 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 12 रन बनाए। क्विंटन डीकॉक 26 रन बनाकर एनरिच नोर्त्जे की गेंद पर बोल्ड हो गए।

DC vs MI: लगातार 2 शतक जड़ने के बाद शिखर धवन का फ्लॉप शो जारी, 2 मैच में खाता भी नहीं खोल पाए

इससे पहले दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 110 रन बनाए। मुंबई  के लिए जसप्रीत बुमराह ने 17 रन देकर 3 विकेट लिए। बुमराह के इस आईपीएल में 23 विकेट हो गए हैं। वे सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में कगिसो रबाडा को पछाड़कर शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पहली बार किसी आईपीएल में 23 विकेट लिए हैं। ट्रेंट बोल्ट ने भी 21 रन देकर 3 विकेट लिए।

DC vs MI: जसप्रीत बुमराह ने बरपाया कहर, कगिसो रबाडा से हथियाई पर्पल कैप

दिल्ली के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर हाइएस्ट स्कोरर रहे। उनके अलावा ऋषभ पंत ने 21, पृथ्वी शॉ ने 10, शिमरॉन हेटमेयर ने 11, रविचंद्रन अश्विन और कगिसो रबाडा ने 12-12 रन बनाए।

[ie_ipl_scorecard match_id=47988]

Live Blog

18:30 (IST)31 Oct 2020
मुंबई की टूर्मामेंट में नौवीं जीत

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ उसके 13 मैच में 18 अंक हो गए। दूसरी ओर दिल्ली की टीम की ये लगातार चौथी हार है। उसके 13 मैच में 14 अंक हैं। प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का करने के लिए दिल्ली को रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ 2 नवंबर को होने वाले मुकाबले में जीत दर्ज करनी होगी। साथ ही दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी।

18:08 (IST)31 Oct 2020
जीत की ओर मुंबई की टीम

मुंबई ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 68 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 10 ओवर में 42 रन और बनाने हैं। ईशान किशन और क्विंटन डीकॉक ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों बल्लेबाज टिककर खेल रहे हैं।

17:48 (IST)31 Oct 2020
मुंबई ने पावरप्ले में बनाए 38 रन

मुंबई की टीम ने पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 38 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 20 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, क्विंटन डीकॉक ने 16 गेद पर 16 रन बनाए हैं। दोनों बल्लेबाज सधी बल्लेबाजी कर रहे हैं और 110 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं।

17:34 (IST)31 Oct 2020
अश्विन कर रहे किफायती गेंदबाजी

मुंबई इंडियंस कीओर से क्विंटन डीकॉक और ईशान किशन ने पारी की शुरुआत की। दिल्ली के लिए पहला ओवर रविचंद्रन अश्विन लेकर आए। उन्होंने पहले ओवर में सिर्फ 2 रन दिए। दूसरा ओवर कगिसो रबाडा ने फेंका। उनके इस ओवर में 7 रन बने। तीसरा ओवर फिर अश्विन ने फेका। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना विकेट खोए 10 रन है। ईशान किशन 8 गेंद में 2 और क्विंटन डीकॉक 10 गेंद में 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।

17:03 (IST)31 Oct 2020
बोल्ट ने भी अपने विकेटों की संख्या 3 की

19वां ओवर ट्रेंट बोल्ट लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर रविचंद्रन अश्विन को अपना शिकार बना लिया। अश्विन 9 गेंद में 12 रन बनाकर क्रुणाल पंड्या के हाथों लपके गए। अश्विन की जगह कगिसो रबाडा क्रीज पर आए। रबाडा ने छक्के से खाता खोला। इसके साथ ही दिल्ली का स्कोर 100 के पार पहुंच गया। इस ओवर में दिल्ली के खाते में कुल 11 रन आए। दूसरे छोर पर प्रवीण दुबे 10 गेंद में 6 रन बनाकर खेल रहे हैं। प्रवीण दुबे का यह पहला आईपीएल मैच है। 

16:55 (IST)31 Oct 2020
अश्विन और प्रवीण दिखा पाएंगे दम?

16 ओवरों का खेल हो चुका है। दिल्ली का स्कोर 7 विकेट पर 87 रन है। रविचंद्रन अश्विन 4 गेंद में 8 और प्रवीण दुबे एक गेंद में एक रन बनाकर खेल रहे हैं। 16वें ओवर में शिमरॉन हेटमेयर ने अपना विकेट गंवाया। नाथन कूल्टर नाइल की दूसरी गेंद पर वह क्रुणाल पंड्या को कैच थमा बैठे। उन्होंने 13 गेंद में 11 रन बनाए। उनकी जगह प्रवीण दुबे क्रीज पर आए। इससे पहले 14वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने हर्षल पटेल को अपना शिकार बनाया। हर्षल 9 गेंद में 5 रन बनाकर बुमराह के ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। उनकी जगह रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए थे। बुमराह के इस आईपीएल में 23 विकेट हो गए हैं। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कगिसो रबाडा को पीछे छोड़ा।

16:33 (IST)31 Oct 2020
दिल्ली की हालत खस्ता, आधी टीम पवेलियन लौटी

11वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका लगा। राहुल चहर ने अपने ओवर की दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर को क्विंटन डीकॉक के हाथों स्टम्प करा दिया। अय्यर 29 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। अय्यर की जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस आए हैं। हालांकि, वह भी ऋषभ पंत का ज्यादा देर तक साथ नहीं निभा पाए। 12वें ओवर की पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने उन्हें डीकॉक के हाथों कैच करा दिया। स्टोइनिस 3 गेंद में 2 रन ही बना पाए। स्टोइनिस की जगह शिमरॉन हेटमेयर आए हैं। इसी ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह ने ऋषभ पंत को भी अपना शिकार बना लिया। पंत 24 गेंद में 21 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हुए। 12 ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर 5 विकेट पर 63 रन है।

16:10 (IST)31 Oct 2020
दिल्ली ने इस आईपीएल के पावर प्ले में बनाया अपना न्यूनतम स्कोर

9 ओवरों का खेल हो चुका है। दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 44 रन है। श्रेयस अय्यर 26 गेंद में 23 रन पर खेल रहे हैं। ऋषभ पंत ने 15 गेंद में 8 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 36 गेंद में 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। दिल्ली ने पावर प्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में सिर्फ 22 रन बनाए और 2 विकेट भी गंवा दिए थे। यह आईपीएल 2020 में पावर प्ले में बनाया गया दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स ने आरसीबी के खिलाफ 6 ओवर में 4 विकेट पर 17 रन बनाए थे।

15:49 (IST)31 Oct 2020
पृथ्वी भी नहीं दिखा पाए कमाल, 10 रन बना लौटे पवेलियन

पृथ्वी शॉ अपनी वापसी को यादगार नहीं बना पाए। ट्रेंट बोल्ट तीसरा ओवर लेकर आए। उन्होंने आखिरी गेंद पर पृथ्वी को विकेट के पीछे क्विंटन डीकॉक के हाथों कैच करा दिया। पृथ्वी 2 चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। पृथ्वी की जगह ऋषभ पंत क्रीज पर आए। तीन ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 15 रन है।

15:41 (IST)31 Oct 2020
2 ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 7 रन

कीरोन पोलार्ड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला ट्रेंट बोल्ट ने सही साबित किया। दिल्ली की ओर से पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। मुंबई की ओर से बोल्ट पहला ओवर लेकर आए। बोल्ट ने तीसरी गेंद पर धवन को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच करा दिया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। धवन की जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। दूसरा ओवर क्रुणाल पंड्या ने फेंका इस ओवर में उन्होंने 6 रन दिए। अय्यर ने उनकी पांचवीं गेंद पर चौका जड़ अपना खाता खोला। दो ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 7 रन है। पृथ्वी 2 और अय्यर 4 रन पर खेल रहे हैं।

15:21 (IST)31 Oct 2020
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमेयर, हर्षल पटेल, प्रवीण दुबे, मार्कस स्टोइनिस, कगिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, एनरिक नोर्त्जे।

15:19 (IST)31 Oct 2020
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, क्रुणाल पंड्या, जयंत यादव, नाथन कूल्टर नाइल, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमराह।