भारतीय टीम के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा को बॉलीवुड फिल्म सूर्यवंशम देखना काफी पंसद था। रोहित शर्मा के करीबी दोस्त की मानें तो रोहित शर्मा बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन के बहुत बड़े फैन हैं। जब भी सूर्यवंशम टीवी पर आती थी वो पूरा फिल्म देखकर ही उठते। 21 मई 1999 को रिलीज होने वाली इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और सौंदर्या लीड रोल में हैं। रोहित की इस आदत को वाइफ रितिका सजदेह ने बदलने का काम किया। शादी से पहले रितिका स्पोर्ट्स और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में बतौर मैनेजर के तौर पर काम करती थीं। इसी दौरान रोहित और रितिका एक-दूसरे के करीब आए। रितिका ने रोहित को मॉर्डन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वह उनके साथ नई-नई चीजों को लेकर बात करती, वाइल्ड लाइफ में रोहित की रूचि बढ़ने का कारण भी रितिका ही रहीं। रितिका की वजह से रोहित के अंदर वाइल्ड लाइफ के लिए कुछ करने का जुनून जागा। रितिका से शादी करने के बाद रोहित ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और रोहित शर्मा के दोस्त अभिषेक नायर ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें शादी के बाद रोहित के अंदर काफी चेंजेज देखने को मिले।
अभिषेक ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिलने के बाद रोहित के क्रिकेट करियर में भी बदलाव आए। मुंबई में आने के बाद से ही उनका करियर नाम और कद बढ़ता चला गया। रोहित जब हैदराबाद के लिए आईपीएल खेलते थे तो वह मुकेश अंबानी और अमिताभ बच्चन के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्सुक रहते थे। भारतीय टीम में शामिल होने से पहले ही पूर्व चेयरमैन सेलक्टर किरण मोरे ने मुंबई की टीम के लिए सचिन के सामने रोहित का नाम सुझाया था।’
अभिषेक ने आगे कहा, ‘रोहित हमेशा से ही काफी शांत स्वभाव के रहे हैं। वह रन बनाने के बाद भी मैदान पर ज्यादा आक्रमक नहीं होते। रोहित की यही खासियत उन्हें अलग दर्जे का खिलाड़ी बनाता है। पिता बनने के बाद से रोहित के खेल में पहले से भी ज्यादा निखार देखने को मिला है। इससे पता चलता है कि वह टीम के लिए अपनी भूमिका को और जिम्मेदारी के साथ निभाने लगे हैं।’ बता दें कि रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप 2019 में पांच शतक लगाकर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। एक वर्ल्ड कप के दौरान इतने शतक लगाने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं।