भारत-श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज में मेन इन ब्लू का बैटिंग फ्लॉप रही है। इसकी वजह से पहला मैच टाई रहा। दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से पीछे। वह सीरीज गंवा सकती है। स्पिन के सामने भारत का मिडिल ऑर्डर विफल रहा है। रोहित शर्मा को छोड़कर कोई बल्लेबाज अबतक अच्छा नहीं कर सका है।
दूसरे वनडे में 241 रन के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम का स्कोर एक समय पर बगैर विकेट के 97 रन था। जेफ्री वांडरर्से ने रोहित शर्मा को आउट किया। इसके बाद भारत की पारी बिखर गई। 147 रन पर 6 विकेट हो गया। 50 रन के अंदर 6 विकेट गिरने से टीम बैकफुट पर चली गई। 208 पर पूरी पारी सिमट गई। भारतीय टीम 99 के फेर में फंस गई। श्रीलंका की टीम 32 रन से जीती। 3 साल का सूखा खत्म हुआ। भारत 27 साल बाद द्विपक्षीय सीरीज में श्रीलंका से जीत नहीं पाएगा।
99 का फेर
भारत-श्रीलंका के बीच 170 वनडे मैच हुए हैं। भारत 99 मैच जीता है। 58 हारा है। 2 मैच टाई रहे हैं। 11 मैच बेनतीजा रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ 100वीं जीत का इंतजार बढ़ गया। उसे बुधवार (7 अगस्त) को सीरीज का आखिरी मैच जीतना होगा। ऐसा न होने पर वह 27 साल बाद श्रीलंका से सीरीज हारेगा।
श्रीलंका ने वनडे में भारत को आखिरी बार कब हराया था
श्रीलंका ने वनडे में भारत को आखिरी बार जुलाई 2021 में हराया था। शुक्रवार (3 अगस्त) को टाई रहे मुकाबले से पहले टीम लगातार छह मैच हारी थी। वांडरर्से ने 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए। वह मुथैया मुरलीधरन, अजंता मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज और अकिला धनंजय के बाद भारत के खिलाफ वनडे में छह या ज्यादा विकेट लेने वाले पांचवें श्रीलंकाई गेंदबाज बन गए।
1997 के बाद श्रीलंका से वनडे सीरीज नहीं हारा भारत
श्रीलंका से दूसरा वनडे हारने से पहले भारत उसके खिलाफ 11 द्विपक्षीय सीरीज जीता था। इससे पहले भारत दिसंबर 1997 में श्रीलंका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीतने में विफल रहा था। 1997 में ही श्रीलंका की टीम आखिरी बार भारत से वनडे सीरीज जीती थी। श्रीलंका दौरे पर भारत को 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भारत दौरे पर सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। 2006 में सीरीज धुल गई थी। एक भी मैच का नतीजा नहीं निकला था।