टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए शतक जड़ दिया। उन्होंने महज 119 गेंदों पर सैकड़ा जड़ दिया। पांचवे टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और इंग्लिश क्रिकेटर बीच नोंकझोंक हुई। इसके बाद दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने गियर बदला ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। अब बेयरस्टो को स्लेज करने पर टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने विराट कोहली पर निशाना साधा है।

सहवाग ने ट्वीट करते हुए कहा, “कोहली के स्लेजिंग से पहले जॉनी बेयरस्टो का स्ट्राइक रेट 21 का था और स्लेजिंग के 150। पुजारा की तरह खेल रहे, कोहली ने पंत बनवा दिया वेवजह स्लेज करके।” कोहली से नोंकझोंक से पहले बेयरस्टो ने 61 गेंदों पर 13 रन बनाए थे। इसके बाद 79 गेंदों पर 93 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो साल 2022 में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। यह उनका लगातार तीसरा शतक था। वह इस साल अबतक चार शतक जड़ चुके हैं।

साल 2022 में बेयरस्टो ने 5 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 880 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 67.7 की औसत से रन बनाए हैं। 162 उनका सर्वोच्च स्कोर है। यह उनके करियर का 12वां शतक था। उन्होंने 119 गेंदों पर शतक जड़ा। साल 2016 के बाद टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट में यह सबसे तेज शतक है। 2012 में पांच शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्ताव माइकल क्लार्क के बाद जॉनी बेयरस्टो ने एक कैलेंडर वर्ष में नंबर पांच या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए पांच या अधिक शतक बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं।

बेयरस्टो लगातार तीन टेस्ट में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के 15वें खिलाड़ी हैं। साल 2022 में टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों मे बेयरस्टो सबसे आगे हैं। दूसर नंबर पर उस्मान ख्वाजा 822 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। जो रूट 785 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। बांग्लादेश के लिटन दाल 659 रन बनाकर चौथे नंबर पर हैं। न्यूजीलैंड के डारेल मिशेल 641 रन बनाकर पांचवें नंबर पर हैं।

पांचवें टेस्ट की बात करें तो इंग्लैंड ने भारत के तीसरे दिन दूसरे सत्र में पहली पारी में 284 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे, जिससे उसे 132 रन की बढ़त मिली। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने चार, जबकि कप्तान जसप्रीत बुमराह ने तीन और मोहम्मद शमी ने दो और शार्दुल ठाकुर ने एक विकेट लिए।