Caribbean Premier League 2022, Qualifier 2, Jamaica Tallawahs Vs Guyana Amazon Warriors: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2022 के क्वालिफायर 2 में 29 सितंबर की सुबह (भारतीय समयानुसार) गुयाना के प्रॉविडेंस स्टेडियम में चौके-छक्कों की बारिश हुई। यह मैच रोवमैन पॉवेल की अगुआई वाली जमैका तल्लावाह्स ने जीता। उसने गुयाना अमेजन वारियर्स को 37 रन से मात दी। इसके साथ ही उसने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
सीपीएल 2022 (Caribbean Premier League 2022) के खिताबी मुकाबले में अब जमैका तल्लावाह्स की भिड़ंत भारतीय समयानुसार एक अक्टूबर की सुबह बारबाडोस रॉयल्स से होनी है। बारबाडोस रॉयल्स का मालिकाना हक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के ओनर के पास ही है। सीपीएल 2022 (CPL 2022) के क्वालिफायर 2 में दोनों टीमों ने कुल 415 रन का स्कोर किया।
इस दौरान जमैका तल्लावाह्स और गुयाना अमेजन वारियर्स की ओर से कुल 31 चौके और 22 छक्के लगे यानी 256 रन सिर्फ बाउंड्रीज से आए। जमैका तल्लावाह्स की ओर से 15 चौके और 15 छक्के लगे, जबकि गुयाना अमेजन वारियर्स के बल्लेबाजों ने 16 चौके और 7 छक्के लगाए।
जमैका तल्लावाह्स के शामराह ब्रूक्स ने 7 चौके और 8 छक्के की मदद से 52 गेंद में 109 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 49 गेंद में अपना शतक पूरा किया था। जमैका तल्लावाह्स के ही पाकिस्तानी ऑलराउंडर इमाद वसीम ने 273 के स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों की धुनाई की। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 15 गेंद में नाबाद 41 रन बनाए।
गुयाना अमेजन वारियर्स के कप्तान शिमरोन हेटमायर ने ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमैका तल्लावाह्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 226 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुयाना अमेजन वारियर्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 189 रन ही बना पाई।
शामराह ब्रूक्स प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उनके अलावा जमैका तल्लावाह्स के रोवमैन पॉवेल ने 23 गेंद में 37 और रेमन रीफर ने 22 गेंद में 22 रन की पारियां खेलीं। रोवमैन पॉवेल आईपीएल 2022 में ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे।
रोवमैन पॉवेल आईपीएल 2017 से 2019 तक शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की ओऱ से खेल खेले थे। गुयाना अमेजन वारियर्स की ओर से रोमारिया शेफर्ड ने दो विकेट लिए। इमरान ताहिर और ओडियन स्मिथ एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
गुयाना अमेजन वारियर्स के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने 16 गेंद में 22, शाई होप ने 13 गेंद में 31, कीमो पॉल ने 37 गेंद में 56, शिमरोन हेटमायर ने 15 गेंद में 15, गुडाकेश मोती ने 13 गेंद में 22 और ओडियन स्मिथ ने 14 गेंद में 24 रन बनाए। जमैका तल्लावाह्स की ओर से क्रिस ग्रीन और इमाद वसीम ने 2-2 विकेट लिए। मोहम्मद आमिर, फैबियन एलन, निकोलस गोर्डन और रोवमैन पॉवेल ने एक-एक विकेट लिए।