कोरोनावायरस के कारण दुनिया की एक तिहाई आबादी लॉकडाउन है। सभी प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं या तो रद्द कर दी गईं या फिर उन्हें टाल दिया गया है। भारतीय क्रिकेटर घर पर बैठकर ही फैंस के साथ जुड़ रहे हैं। पहले इसमें युजवेंद्र चहल, हार्दिक पंड्या और शिखर धवन जैसे पुरुष क्रिकेटर आगे थे। अब महिला क्रिकेटर भी इसमें जुड़ गईं हैं। भारतीय महिला टीम की बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति ने एक वीडियो शेयर किया है जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
वेदा टिकटॉक पर बहुत ज्यादा सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने दो दिन पहले ही अपना पहला वीडियो शेयर किया था। उनके अब तक 1471 फॉलोवर हैं। वेदा को 1339 लाइक मिल चुके हैं। उन्होंने पहले वीडियो के जरिए यह बताया था कि वे लॉकडाउन में बोर हो रही हैं। दूसरे वीडियो में वे लॉकडाउन के दौरान डांस के मूव्स के बारे में बता रही हैं। टीम इंडिया में मध्यक्रम की बल्लेबाज वेदा ने भारत के लिए 48 वनडे और 76 टी20 खेले हैं।
VIDEO: लॉकडाउन ने की गब्बर की बोलती बंद, लेनी पड़ रही ‘पोछा ट्रेनिंग’
वेदा ने अब तक वनडे में 25.90 की औसत से 829 रन बनाए हैं। इस दौरान 71 रन उनका उच्चतम स्कोर रहा है। वे 8 अर्धशतक भी लगा चुकी हैं। दूसरी ओर, टी20 की बात करें तो उन्होंने 18.61 की औसत से 875 रन बनाए हैं। इस दौरान 2 अर्धशतक लगाए हैं। वेदा का उच्चतम स्कोर 57 रन है। वे 2011 में पहला वनडे इंग्लैंड के खिलाफ थीं। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी साल टी20 में उन्हें डेब्यू करने का मौका मिला था।
कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में 1 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। भारत में भी मौतों का आंकड़ा 200 को पार कर चुका है। अब तक 6500 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में 21 दिन का लॉकडाउन है। 14 अप्रैल को लॉकडाउन समाप्त हो रहा है। हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाया जा सकता है। ओडिशा और पंजाब ने पहले ही लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला कर लिया है।