Coronavirus Italy: कोरोनावारयस का असर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। चीन से निकला यह वायरस पूरी दुनिया में फैल गया है। यूरोप, अमेरिका के बाद अब भारत में अपने पैर पसार रहा है। 188 देशों में 13 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अब तक 3 लाख से ज्यादा मामले सामने हैं। इनमें से 95 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इटली में ही केवल 4800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहां की फुटबॉल लीग में खेलने वाले युवेंटस के स्टार फुटबॉलर पॉल डाइबाला भी कोरोनावायरस पॉजिटिव पाए गए हैं।
डाइबाला अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम में लियोनल मेसी के साथ खेलते हैं। वहीं, वे युवेंटस में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ टीम के मजबूती देते हैं। उन्होंने बताया कि वे कोरोनावायरस से संक्रमित युवेंटस के तीसरे खिलाड़ी हैं। दूसरी ओर एसी मिलान के पूर्व डिफेंडर पाओलो माल्दिनी ने बताया कि वे और उनका बेटा भी कोरोनावायरस पॉजिटिव है। दूसरी ओर, दुनिया के सबसे अमीर क्लब रियाल मैड्रिड के पूर्व मैनेजर लॉरेंजे सांज की मौत कोरोनावायरस के कारण हो गई।
Hi everyone, I just wanted just to inform you that we have received the results for the Covid-19 test and both Oriana and I have tested positive. Luckily we are in perfect conditions. Thanks for your messages.
— Paulo Dybala (@PauDybala_JR) March 21, 2020
26 साल के डाइबाला ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘मैं सबको बताना चाहता हूं कि हमारा कोविड-19 के टेस्ट का रिजल्ट आ गया है। मैं और ओरियाना (उनकी गर्लफ्रेंड) पॉजिटिव पाए गए हैं। संयोग से हमदोनों सही है। आपके संदेश के लिए शुक्रिया।’’ इटली की चैंपियन टीम युवेंटस ने कहा, ‘‘डाइबाला ने खुद को सेल्फ-आईसोलेट कर लिया है। उनका ध्यान लगातार रखा जा रहा है। वे ठीक हैं।’’
माल्दिनी पहले एसी मिलान के डिफेंडर थे। अब वे टीम के टेक्निकल डायरेक्टर हैं। उनके 18 साल के बेटे डेनियल को भी कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया है। एसी मिलान ने कहा, ‘‘पाओलो और डेनियल दोनों ठीक हैं। वे अगले दो सप्ताह में पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। वे पूरी तरह ठीक होने तक क्वारंटाइन में रहेंगे।’’ माल्दिनी को दुनिया का ऑलटाइम बेस्ट डिफेंडर माना जाता है। उन्होंने एसी मिलान के लिए 647 मैच खेले हैं। माल्दिनी ने मिलान के साथ पांच चैंपियंस लीग खिताब जीते हैं।