Coronavirus in India: कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभावों के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार यानी 19 अप्रैल को देश को संबोधित किया। उन्होंने देश के नागरिकों से एहतियात बरतने का आग्रह किया और कोरोना को गंभीर संकट बताया। पीएम ने कहा कि दो महीने से हम चिंताजनक खबरें सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया गंभीर संकट से गुजर रही है। इस दौरान पीएम ने देशवासियों से जनता कर्फ्यू की मांग की।
इसके बाद देश के कई खिलाड़ियों ने पीएम के समर्थन में ट्वीट किया। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, कोच रवि शास्त्री, ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन से लेकर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी समर्थन किया। सिर्फ क्रिकेट ही नहीं रेसलर ने भी पीएम का समर्थन किया। इनमें योगेश्वर दत्त और बबीता फोगाट प्रमुख हैं। बबीता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें नवरात्रि पर पीएम मोदी के 9 आग्रह लिखे हुए हैं।
पीएम ने कहा 22 मार्च रविवार को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सभी देशवासियों को जनता कर्फ्यू का पालन करना चाहिए। यानी जनता के लिए, जनता द्वारा, खुद पर लगाया गया कर्फ्यू। इस दौरान कोई भी नागरिक घरों से बाहर न निकले। अपने घरों में रहे। जो आवश्यक सेवाओं से जुड़े हैं, उन्हें तो जाना ही होगा। पीएम ने यह भी कहा कि 65 या उससे अधिक आयु के लोग अगले कुछ हफ्तों तक घर पर ही रहें।
टीम इंडिया के कप्तान कोहली ने कहा, ‘‘कोविड-19 के खतरे से निपटने के लिए सतर्क रहिए, चौकस और जागरूक रहें। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें अपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित निर्धारित मानदंडों का पालन करने की जरूरत है। इसके अलावा देश और दुनिया भर के उन सभी चिकित्सा पेशेवरों का विशेष उल्लेख जो कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सारे प्रयास कर रहे हैं। व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखते हुए चलिए, हम उनका सहयोग करते हैं।’’