भारतीय टीम में वापसी की कवायद में जुटे चेतेश्वर पुजारा ने 17 अप्रैल 2022 को शतक लगाया। उन्होंने इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप डिविजन 2 के मौजूदा सत्र के अपने पहले ही मैच में दोहरा शतक लगाया। उनके दोहरे शतक की मदद से ससेक्स ने फॉलोआन खेलते हुए डर्बीशर के खिलाफ चौथे और अंतिम दिन मैच ड्रॉ करा लिया।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा ने करीब 27 महीने बाद 100 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है। चेतेश्वर पुजारा ने जनवरी 2020 में रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए कर्नाटक के खिलाफ शतक लगाया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उसके बाद उन्होंने अब तीन अंकों की पारी खेली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा ने जनवरी 2019 में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी आखिरी शतकीय पारी खेली थी। तब वह 193 रन बनाकर आउट हुए थे।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद भारतीय टेस्ट टीम से बाहर किए गए चेतेश्वर पुजारा ने दूसरी पारी में 387 गेंद में 23 चौके की मदद से नाबाद 201 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान और सलामी बल्लेबाज टॉम हेन्स 243 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी 491 गेंद की पारी में 22 चौके लगाए। इन दोनों के शानदार शतकों की मदद से ससेक्स ने दूसरी पारी में 176.1 ओवर में 3 विकेट पर 513 रन बनाए।
डर्बी के काउंटी ग्राउंड मैदान पर 14 अप्रैल से शुरू हुए इस मैच में डर्बीशर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने पहली पारी 133 ओवर में 8 विकेट पर 505 रन बनाकर घोषित की। ससेक्स की पहली पारी 56.3 ओवर में 174 रन पर ढेर हो गई।
चेतेश्वर पुजारा पहली पारी में सिर्फ 6 रन ही बना पाए थे। इस कारण ससेक्स को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। फॉलोऑन खेलते हुए ससेक्स पुजारा और टॉम हेन्स की मदद से अपनी हार टालने में सफल रही।
ससेक्स की टीम अभी काउंटी चैंपियनशिप डिविजन 2 में आठ टीम में अंतिम स्थान पर चल रही है। उसके सिर्फ पांच अंक हैं। टीम को अपने पहले मैच में नॉटिंघमशर के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था। उस मैच में चेतेश्वर पुजारा नहीं खेले थे।
चेतेश्वर पुजारा का यह फर्स्ट क्लास करियर का 51वां शतक है। अब उनके 227 मैच में 375 पारियों में 17,149 रन हो गए हैं। इसमें उनके 70 अर्धशतक भी शामिल हैं। चेतेश्वर पुजारा ने भारत के लिए अब तक 95 टेस्ट खेले हैं। इसमें उन्होंने 43.87 के औसत से 6713 रन बनाए हैं। इसमें उनके 18 शतक भी शामिल हैं। टेस्ट में उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 206 रन है।