Chetan Sharma Resigns News: टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने एक टीवी न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के सामने आने के बाद शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया। इसमें उन्होंने टीम और चयन प्रक्रिया के बारे में आंतरिक जानकारी साझा करके कॉन्ट्रैक्ट तोड़ा था। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनसे इस्तीफा देने को कहा था। फिलहाल कोलकाता में बंगाल और सौराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी फाइनल के लिए मौजूद चेतन शर्मा ने जानकारी के अनुसार अपना इस्तीफा बीसीसीआई सचिव जय शाह को भेजा, जिन्होंने इसे स्वीकार कर लिया।
14 फरवरी को जी न्यूज ने वीडियो फुटेज जारी किया था, जिसमें चेतन शर्मा को यह कहते सुना गया कि भारतीय खिलाड़ी फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। चेतन शर्मा ने यह भी कहा था कि भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने बीसीसीआई के तत्कालीन अध्यक्ष सौरव गांगुली को बदनाम करने की कोशिश की क्योंकि उन्हें लगा था कि वनडे की कप्तानी जाने के लिए सौरव गांगुली जिम्मेदार थे।
चेतन शर्मा ने टीम प्रबंधन और बीसीसीआई का भरोसा खो दिया
चेतन शर्मा ने स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद टीम प्रबंधन और बीसीसीआई का भरोसा खो दिया। इस बात को लेकर चिंता थी कि खिलाड़ी शर्मा के साथ खुलकर कैसे बात करेंगे क्योंकि उन्होंने बातचीत मीडिया के साथ शेयर कर दी। द इंडियन एक्सप्रेस को पता चला है कि टीम प्रबंधन में भी कुछ लोगों ने महसूस किया कि शर्मा ने हद पार कर दी। इसके बाद उनकी जगह खतरे में पड़ गई थी, खासकर यह कहने के लिए कि खिलाड़ी फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने कहा, “यह बस समय की बात है। एक बार जब खिलाड़ियों ने विश्वास खो दिया, तो शर्मा के लिए पद पर बने रहना मुश्किल हो गया था।”
चेतन शर्मा का बतौर मुख्य चयनकर्ता यह दूसरा कार्यकाल था
चेतन शर्मा का बतौर मुख्य चयनकर्ता यह दूसरा कार्यकाल था। बीसीसीआई ने नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में 2022 टी20 विश्व कप में भारत की सेमीफाइनल में इंग्लैंड से करारी के हार के बाद पूरे चयन पैनल को हटा दिया था। नए पैनल की नियुक्ति होने तक शर्मा अध्यक्ष पद की भूमिका में काम करते रहे। इसके बाद जनवरी 2023 में उन्हें फिर अध्यक्ष बनाया गया। चेतन शर्मा के इस्तीफे के बाद टीम इंडिया के चयन पैनल में सलिल अंकोला, एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी और एस शरथ रह गए हैं। बीसीसीआई ने अब तक नया अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया है। बोर्ड जल्द इसके लिए आवेदन मांग सकता है।