केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 72 विद्यार्थियों को फिट इंडिया क्विज स्टेट राउंड के दूसरे संस्करण में उनकी सफलता के लिए सम्मानित किया। ये 72 छात्र अब फिट इंडिया क्विज के राष्ट्रीय दौर में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस प्रतियोगिता का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी+हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में हर राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के विजेता स्कूल को कुल 2.5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली, जबकि 2 छात्रों की टीम को कुल 25000 रुपए दिए गए। स्टेट फर्स्ट रनर-अप स्कूल को 1 लाख रुपए और छात्रों को कुल 10000 रुपये की पुरस्कार राशि मिली। इसी प्रकार, स्टेट सेकेंड रनर-अप स्कूल को 50000 रुपए का नकद पुरस्कार मिला।

शारीरिक फिटनेस की आवश्यकता के बारे में उल्लेख करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘भारत में हर गुजरते दिन के साथ मोटापे के मामलों और हृदय रोगियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। युवाओं में भी स्क्रीन टाइम बढ़ रहा है। इसका एकमात्र समाधान खेल के मैदान में जाना है।’

फिटनेस के साथ देश के खेल इतिहास से अवगत कराना है उद्देश्य

उन्होंने कहा, ‘फिट इंडिया क्विज का उद्देश्य फिटनेस का संदेश देना और स्कूली छात्रों को भारत के खेल इतिहास से अवगत कराना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए हम खेल को स्कूल में मुख्य पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने के लिए यथासंभव प्रयास कर रहे हैं। यह अब केवल पाठ्य सह-पाठ्यचर्या संबंधी गतिविधि नहीं रह गई है। विभिन्न मंचों पर शिक्षा और खेल को एक साथ जोड़ा जा रहा है।’

348 स्कूलों और 418 विद्यार्थियों का किया गया था चयन

बता दें कि इस प्रतियोगिता के राज्य/केंद्रशासित प्रदेश दौर के लिए कुल 348 स्कूलों और 418 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। इनमें 39% छात्राएं थीं। स्टूडेंट्स के बीच फिट इंडिया के संदेश को प्रचारित करने और स्कूलों में इसकी मौजूदगी को मजबूत करने के उद्देश्य से 2020 में यह प्रतियोगिता शुरू की गई थी।

कुल 3.25 करोड़ रुपए के हैं पुरस्कार

इसमें स्कूल और स्टूडेंट्स को कुल 3.25 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। यह प्रतियोगिता देश के हर कोने से छात्रों को खेल और फिटनेस में अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक अनूठा मंच प्रदान करता है।