भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI)ने बुधवार, 28 फरवरी को 2023-24 सीजन का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी किया। इनमें इशान किशन और श्रेयस अय्यर को बाहर का रास्ता दिखाया गया। इन दो खिलाड़ियों के अलावा भी कई बड़े नाम हैं, जिन्हें बोर्ड ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बीसीसीआई ने वर्तमान सीजन के लिए 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी है। पिछले सीजन में केवल 26 खिलाड़ियों को अनुबंध दिया गया था।

इशान किशन और श्रेयस अय्यर के अलावा वह खिलाड़ी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हुए हैं, जो लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। इनमें चेतेश्वर पुजारा और शिखर धवन जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इनका करियर खत्म माना जा रहा है। शायद ही इनकी फिर वापसी हो। युजवेंद्र चहल को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

ये बड़े नाम हुए बाहर

बीसीसीआई के पिछले कॉन्ट्रैक्ट में चेतेश्वर पुजारा ग्रेड बी में थे। पिछले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के बाद टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उमेश यादव भी डब्ल्यूटीसी फाइनल के बाद से ही टीम से बाहर हैं। वह सी ग्रेड में थे। शिखर धवन दिसंबर 2022 से टीम से बाहर हैं। वह भी ग्रेड सी में थे। युजवेंद्र चहल ग्रेड सी में थे। वह भी अगस्त 2023 के बाद से नहीं खेले हैं। दीपक हुड्डा ग्रेड सी में थे। वह फरवरी 2023 के बाद से नहीं खेले हैं।

किस ग्रेड में थे श्रेयस अय्यर और इशान किशन

श्रेयस अय्यर को पिछले साल बीसीसीआई ने ग्रेड बी में जगह दी थी। वहीं इशान किशन को ग्रेड सी में जगह मिली थी। ग्रेड बी के खिलाड़ी को सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते हैं। वहीं ग्रेड सी के खिलाड़ी को 1 करोड़ रुपये मिलता है। सड़क दुर्घटना का शिकार होने के कारण पिछले 1 साल से ज्यादा समय से मैदान से दूर ऋषभ पंत को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह मिली है। हालांकि, वह डिमोट हुए हैं।