Babar Azam Breaks Virat Kohli Record: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गाले में खेला जा रहा है। पहली पारी में श्रीलंका ने 222 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम दूसरे दिन 218 रन पर ऑल आउट हो गई। कप्तान बाबर आजम के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर टिक नही पाया। उन्होंने 119 रनों की पारी खेली और 34 रन बनाते ही एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 10 हजार रन बनाने वाले एशियाई  खिलाड़ी बन गए हैं। 

बाबर आजम की तुलना अक्सर भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली से की जाती है। विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए बाबर ने इस उपलब्धि हासिल की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की 228 पारियों में बाबर ने यह मुकाम हासिल किया हैं। वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 232 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

बाबर सबसे तेज 10 हजार रन बनाने वाले पाकिस्तानी खिलाड़ी भी हैं। उनसे पहले जावेद मियांदाद ने 248 पारियों में 10 हजार रनों का आंकड़ा छुआ था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 10 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी सर विवियन रिचर्ड्स के नाम है। उन्होंने मात्र 206 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज दस हजार रन बनाने की सूची में बाबर पांचवें स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज के विवियन रिचर्ड्स (206 पारियां), हासिम अमला (217 पारियां), ब्रायन लारा(220 पारियां) और जो रूट (222 पारियां) उनसे आगे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट कर कप्तान बाबर आजम को बधाई देते हुए लिखा, “10,000 अंतरराष्ट्रीय रन। कप्तान बाबर आजम को यह उपलब्धि हासिल करने वाले 11वें पाकिस्तानी बल्लेबाज बनने पर बधाई।” 

बता दें कि बाबर आजम ने कम समय में ही कई कीर्तिमान हासिल कर लिए हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की 228 पारियों में 10 हजार से अधिक रन बना लिए हैं। श्रीलंका के खिलाफ गाले टेस्ट में बाबर ने शतकीय पारी खेली। उन्होंने 244 गेंदों की पारी में 11 चौके और 2 छक्के लगाए। पाकिस्तान की पहली 218/10 पर खत्म हुई।