प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अक्टूबर 2023 की शाम करीब साढ़े चार बजे राजधानी दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 2022 एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीट्स के साथ बातचीत करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
पीआईबी (पत्र सूचना कार्यालय) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा 2022 एशियाई खेलों में एथलीट्स की उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम में एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के एथलीट, उनके कोच, भारतीय ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधियों समेत युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अधिकारी भी हिस्सा लेंगे। हांगझू एशियाई खेल 8 अक्टूबर को समाप्त हो गए।
भारत के लिए हांगझू एशियाई खेल ऐतिहासिक रहे। उसने इन खेलों के इतिहास में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने 107 मेडल (28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज मेडल) जीते। इससे पहले उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में रहा था, जहां उसने 70 मेडल जीते थे। इस ऐतिहासिक सफलता पर पीएम मोदी ने भारतीय एथलीट्स को बधाई दी थी।
हमारे एथलीट्स ने हम सभी को प्रेरित किया: पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा था, ‘एशियाई खेलों में भारत के लिए यह कितनी ऐतिहासिक उपलब्धि है! पूरा देश इस बात से बेहद खुश है कि हमारे असाधारण एथलीट्स ने अब तक के सर्वाधिक 107 पदक जीते हैं, जो पिछले 60 वर्षों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हमारे खिलाड़ियों के अटूट संकल्प, अथक उत्साह और कड़ी मेहनत ने देश को गौरवान्वित किया है। उनकी जीत ने हमें यादगार क्षण दिए हैं, हम सभी को प्रेरित किया है और उत्कृष्टता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।’
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर को लिखा था, ‘भारत के लोग इस बात से रोमांचित हैं कि हम 100 पदकों की उल्लेखनीय उपलब्धि तक पहुंच गए हैं। मैं अपने असाधारण एथलीट्स को हार्दिक बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।’
उन्होंने लिखा था, ‘हर प्रदर्शन ने इतिहास रचा है और हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है। मैं 10 तारीख को हमारे एशियाई खेलों के दल की मेजबानी करने और हमारे एथलीट्स के साथ बातचीत करने को लेकर उत्सुक हूं।’