केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार 5 सितंबर 2023 को कहा कि भारतीय खिलाड़ी 2022 एशियाई खेलों में रिकॉर्ड संख्या में पदक जीतेंगे। खेल मंत्रालय ने 38 विभिन्न खेल स्पर्धाओं के 634 एथलीट्स को एशियाई खेलों में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है। एशियाई खेल 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चीन के हांगझू में आयोजित किए जाएंगे।
एशियाई खेलों में हिस्सा लेने जा रहे अब तक के सबसे बड़े भारतीय दल को शुभकामना देते हुए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी खिलाड़ी को दबाव नहीं लेना है और 140 करोड़ भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। इससे सफलता खुद-ब-खुद मिलेगी।
अनुराग ठाकुर ने भारतीय दल की आधिकारिक पोशाक और खेल किट का अनावरण करते हुए कहा, ‘सभी का मानना है कि भारत इस बार एशियाई खेलों में 100 से अधिक पदक जीतेगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि खिलाड़ियों पर कोई दबाव नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र है कि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तो सफलता खुद-ब-खुद मिलेगी। दबाव शब्द ही प्रधानमंत्री मोदी ने हटा दिया है।’
अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘हमारा अब तक का सबसे बड़ा दल एशियाई खेलों में जा रहा है और मुझे यकीन है कि ये खिलाड़ी पदकों का रिकॉर्ड बनाकर लौटेंगे। मैं हर भारतवासी से इनकी हौसलाअफजाई की अपील करता हूं। ये भारत के खिलाड़ी हैं, भारत के लिए खेलेंगे और 140 करोड़ भारतीय इनके साथ हैं।’ भारत ने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में 16 स्वर्ण सहित 70 पदक जीते थे।
इससे पहले भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया और पुरुष टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश आधिकारिक समारोह पोशाक पहनकर मीडिया के सामने पेश हुए।
महिलाओं के लिए खाकी रंग की साड़ी और पुरुषों के लिए बंदगला जैकेट के साथ खाकी कुर्ता नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी ने तैयार किया है। खेल किट को कश्मीरी डिजाइनर आकिब वानी ने डिजाइन किया है। आकिब वानी ने ही भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भी डिजाइन की है। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दल का हर सदस्य सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेगा।
पीटी उषा ने कहा, ‘ हमने 2022 एशियाई खेलों के लिए लंबे समय से इंतजार किया है। हमें खुशी है कि भारत 634 एथलीट्स का अपना सबसे बड़ा दल भेज रहा है। हमारा मानना है कि इस भारतीय दल में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की क्षमता है। हमने पूरी कोशिश की है कि खिलाड़ियों की तैयारी पुख्ता हो और उनका पूरा ध्यान रखा जाए।’