Asian Games 2023, India Schedule for Day 7: भारत के युवा निशानेबाजों का एशियाई खेलों में सोना उगलने का सिलसिला शुक्रवार 29 सितंबर को भी जारी रहा। भारतीय निशानेबाजों ने दो स्वर्ण और तीन रजत का इजाफा करके इन खेलों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। पिछले 6 दिन में भारतीय निशानेबाजों ने 6 स्वर्ण और 7 रजत समेत 18 पदक जीते हैं। इससे पहले एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2006 दोहा खेलों में था जब 14 पदक जीते थे।
दो बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज निकहत जरीन ने महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर पेरिस ओलंपिक कोटा और पदक पक्का किया। निकहत को क्वार्टर फाइनल में जॉर्डन की नासार हनान पर आरएससी (रैफरी द्वारा मुकाबला रोकना) से जीत दर्ज करने में 53 सेकेंड लगे।
राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनिका बत्रा ने टेबल टेनिस में महिला एकल क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर पदक की उम्मीदें बरकरार रखीं, लेकिन शरत कमल और जी साथियान को अंतिम-16 में हार का सामना करना पड़ा।
महिला हॉकी में भारत ने मलेशिया को 6-0 से हराया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना दबदबा कायम करते हुए मलेशिया को 6-0 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने पूल ए के इस मैच के शुरुआती क्वार्टर में ही चार गोल दाग कर मलेशिया पर दबाव बना दिया। भारत की ओर से मोनिका (7वें मिनट) ने भारत का खाता खोला। इसके बाद उप-कप्तान दीप ग्रेस एक्का (8वें), नवनीत कौर (11वें), वैष्णवी विट्ठल फाल्के (15वें), संगीता कुमारी (24वें) और लालरेम्सियामी (50वें) ने भी गोल किए।
बैडमिंटन में पुरुष टीम 37 साल बाद जीतेगी पदक
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने क्वार्टर फाइनल में नेपाल को 3-0 से हराकर 37 साल बाद ऐतिहासिक पदक पक्का किया। लक्ष्य सेन सबसे पहले कोर्ट पर उतरे। उन्होंने प्रिंस दहल को 21-5 21-8 से पराजित किया। इसके बाद दूसरे मैच में किदाम्बी श्रीकांत ने सुनील जोशी को 21-4 21-13 से हराया। तीसरे मैच में मिथुन मंजूनाथ ने बिष्णु काटुवाल पर 21-2 21-17 की जीत से मुकाबला जीत लिया।
भारतीय पुरुष टीम ने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया। अब सेमीफाइनल में टीम का सामना इंडोनेशिया और कोरिया के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। हालांकि, भारतीय महिला टीम को निराशा हाथ लगी। पीवी सिंधु की अगुआई वाली टीम क्वार्टर फाइनल में थाइलैंड से 0-3 से हारकर बाहर हो गई।
गोल्फर अदिति अशोक ने अभी जगाई रखीं हैं उम्मीदें
भारतीय गोल्फर अदिति अशोक व्यक्तिगत स्पर्धा में एक शॉट के अंतर से दूसरे स्थान के साथ पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। अदिति के शानदार खेल से भारतीय महिला टीम हांगझू स्थित वेस्ट लेक इंटरनेशनल कोर्स में शुरुआती दो दौर के बाद तीसरे स्थान पर है।
Asian Games: सातवें दिन के मुकाबलों का शेड्यूल
भारतीय पुरुष टीम 3×3 बास्केटबॉल के ग्रुप चरण में चीन से 15-18 से हार गई, जबकि महिला टीम ने 5×5 स्पर्धा में मंगोलिया को पराजित किया। भारत के 15 सदस्यीय ईस्पोर्ट्स दल ने एशियाई खेलों में अपना अभियान डीओटीए 2 टीम के बाहर होने के साथ समाप्त किया।
भारत की पुरुष और महिला टीमों ने शतरंज टीम स्पर्धा में क्रमश: मंगोलिया और फिलीपींस पर आसान जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत की दोनों टीमों ने शुरुआती दौर में एक समान 3.5-0.5 के अंतर से जीत हासिल की।
स्विमिंग में भारत के साजन प्रकाश और अद्वेत पेज फाइनल में क्रमश: पांचवें और 7वें स्थान पर रहे। इस तरह देश का तैराकी अभियान बिना पदक के खत्म हो गया। साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 1:57.44 सेकेंड से 5वें स्थान पर रहे। पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में अद्वेत 2:02.67 सेकेंड के समय के साथ 7वें स्थान पर रहे।
भारतीय साइकिलिस्ट एसो और डेविड बेकहम पुरुष केरिन स्पर्धा के 7वें से 12वें स्थान के फाइनल में क्रमश: 10वें और 11वें स्थान पर रहे। एसो ने चेतावनी के साथ अपनी रेस प्लस 0.651 सेकेंड में पूरी की, जबकि डेविड बेकहम ने प्लस 1.096 सेकेंड का समय निकाला। भारतीय महिला हैंडबॉल टीम ने पूल बी मैच में मेजबान चीन से 30-37 से हारने से पहले कड़ी चुनौती पेश की।
इस प्रकार रहे एशियाई खेलों में शुक्रवार 29 सितंबर को भारत के पदक जीतने वाले खिलाड़ी और टीम
क्रम संख्या | खिलाड़ी/टीम | स्पर्धा | पदक |
1 | ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, स्वप्निल कुसाले, अखिल श्योराण | पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम स्पर्धा | स्वर्ण |
2 | पलक गुलिया | महिला 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा | स्वर्ण |
3 | ईशा सिंह, पलक गुलिया, दिव्या टीएस | महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा | रजत |
4 | ईशा सिंह | महिला 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा | रजत |
5 | रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी | टेनिस पुरुष युगल स्पर्धा | रजत |
6 | ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर | पुरुष व्यक्तिगत 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा | रजत |
7 | जोशना चिनप्पा, अनहत सिंह और तन्वी खन्ना | महिला स्क्वाश टीम स्पर्धा | कांस्य |
8 | किरण बालियान | महिला गोला फेंक स्पर्धा | कांस्य |
इस प्रकार है एशियाई खेलों में शनिवार 30 सितंबर का भारत का कार्यक्रम
3 x 3 बास्केटबॉल: भारत बनाम ईरान- पुरुष (क्वार्टरफाइनल प्लेऑफ)। भारत बनाम मलेशिया – महिला (क्वार्टरफाइनल प्लेऑफ)।
एथलेटिक्स: जेस्विन एल्ड्रिन और मुरली श्रीशंकर- पुरुष लंबी कूद (क्वालिफायर)। स्वप्ना बर्मन और नंदिनी अगासरा- महिला हेप्टाथलॉन 100 मीटर बाधा दौड़ (हीट)। ज्योति यर्राजी और निथ्या रामराज- महिला 100 मीटर बाधा दौड़ (हीट)। अजय कुमार सरोज और जिनसन जॉनसन- पुरुष 1,500 मीटर (हीट)। स्वप्ना बर्मन और नंदिनी अगासरा- महिला हेप्टाथलॉन ऊंची कूद (हीट)। स्वप्ना बर्मन और नंदिनी अगासरा- महिला हेप्टाथलॉन गोला फेंक (हीट)। गुलवीर सिंह और कार्तिक कुमार- पुरुष 10,000 मीटर फाइनल। स्वप्ना बर्मन और नंदिनी अगासरा- महिला हेप्टाथलॉन 200 मीटर (हीट)।
बैडमिंटन: भारत बनाम दक्षिण कोरिया- पुरुष टीम (सेमीफाइनल)।
मुक्केबाजी: लवलीना बोरगोहेन बनाम सुयोन सियोंग- महिला 75 किग्रा (क्वार्टर फाइनल)। सचिन सिवाच- पुरुष 57 किग्रा (प्री-क्वार्टर)। निशांत देव- पुरुष 71 किग्रा (क्वार्टर फाइनल)। प्रीति पवार- महिला 54 किग्रा (क्वार्टर फाइनल)। नरेंद्र बेरवाल- पुरुष +92 किग्रा (क्वार्टर फाइनल)।
ब्रिज: पुरुष, महिला और मिश्रित टीम (राउंड-रॉबिन)।
कनो स्प्रिंट: नीरज वर्मा- पुरुष कनो सिंगल 1,000 मीटर (हीट और पदक स्पर्धा)। बिनिता चानू ओइनम और पार्वती गीता- महिला कयाक डबल 500 मीटर (हीट और पदक स्पर्धा)। रिबासन निंगथौजम और ज्ञानेश्वर फिलम- पुरुष कनो डबल 500 मीटर (हीट और पदक स्पर्धा)।
शतरंज: पुरुष और महिला टीम (राउंड 2)।
गोताखोरी: लंदन सिंह हेमम और सिद्धार्थ प्रदेशी- पुरुष सिंक्रोनाइज्ड 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड फाइनल (पदक स्पर्धा)।
गोल्फ: अदिति अशोक, अवनि प्रशांत और प्रणवी उर्स- महिला व्यक्तिगत और टीम (राउंड 3)। अनिर्बान लाहिड़ी, शुभंकर शर्मा, एसएसपी चौरसिया और खलिन जोशी- पुरुष व्यक्तिगत और टीम (राउंड 3)।
हॉकी: भारत बनाम पाकिस्तान- पुरुष (पूल मैच)।
स्क्वाश: भारत बनाम पाकिस्तान- पुरुष (फाइनल)।