जीत की राह पर वापसी करते हुए भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के राउंड रॉबिन मैच में रविवार को 5-0 से हरा दिया। भारत के लिए कार्ति सेल्वम (15वां मिनट), हार्दिक सिंह (32वां), कप्तान हरमनप्रीत सिंह(42वां), गुरजंत सिंह (53वां) और जुगराज सिंह (54वां) ने गोल दागे। इस जीत के बाद भारत तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। अब उसकी सेमीफाइनल की राह भी प्रशस्त हो गई है।

कार्ति सेल्वम ने दिलाई भारत को बढ़त

भारत ने पहले क्वार्टर में काफी आक्रामक शुरुआत की और कई अच्छे मौके बनाए। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में हरमनप्रीत सिंह मलेशियाई बॉक्स की तरफ गेंद लेकर दौड़े और चेन्नई के ही रहने वाले कार्ति सेल्वम को पास दिया। कार्ति सेल्वम ने इस पास को गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।

तीसरे क्वार्टर में हार्दिक सिंह ने बढ़त की दोगुनी

दूसरे क्वार्टर में भारतीयों ने हमले बोलने जारी रखे और दो पेनल्टी कॉर्नर भी बनाए, लेकिन उन पर गोल नहीं हो सका। तीसरे क्वार्टर के दूसरे ही मिनट में हालांकि हार्दिक ने पेनल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड शॉट के जरिए गोल दागा, जबकि हरमनप्रीत मूल शॉट में चूक गए थे।

Asian Champions Trophy | ACT 2023 | India vs Malaysia | India hockey | Indian hockey team
रविवार 6 अगस्त 2023 को चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी मैच के दौरान मलेशिया के खिलाफ गोल करने के बाद जश्न मनाते भारत के जुगराज सिंह। (सोर्स- पीटीआई फोटो)

मलेशिया को भी इस क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर मिला और नजमी जजलान ने गोल भी कर दिया था, लेकिन भारत ने वीडियो रेफरल लिया। खतरनाक फ्लिक होने के कारण यह गोल रद्द कर दिया गया। भारत को 42वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले।

अब 7 अगस्त को गत चैंपियन से है भारत की भिड़ंत

इनमें से भारत ने तीसरे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। भारत के लिए चौथा गोल गुरजंत सिंह ने 53वें मिनट में किया। इस गोल की नींव हार्दिक और मनदीप सिंह ने रखी। अगले मिनट जुगराज ने एक और गोल करके भारत की बढ़त पांच गोल की कर दी। भारत को अब गत चैंपियन दक्षिण कोरिया से सोमवार को खेलना है, जबकि मलेशिया की टक्कर जापान से होनी है।

पाकिस्तान और जापान ने 3-3 से ड्रॉ खेला

टूर्नामेंट के एक अन्य मैच में पाकिस्तान और जापान ने 3-3 से ड्रॉ खेला। इससे दोनों टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। पाकिस्तान पांचवें और जापान चौथे स्थान पर है। दोनों टीमों ने शुरू ही से आक्रामक रुख अपनाए रखा। पाकिस्तान के लिए नौवें मिनट में अब्दुल राणा ने गोल किया।

मोहम्मद खान के शॉट को जापानी गोलकीपर ने बचा लिया, लेकिन राणा ने रिबाउंड पर गोल दागा। जापान के लिए 4 मिनट बाद सेरेन तनाका ने बराबरी का गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर में मोहम्मद खान ने पाकिस्तान के लिए दूसरा गोल कर दिया। दूसरे हाफ में जापान ने जवाबी हमले बोले और योसेइ काटो ने बराबरी का गोल दागा।

तीसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले जापान के कप्तान मसाकी ओहाशी ने एक और गोल करके टीम को बढ़त दिला दी। आखिरी क्वार्टर में जापान का फोकस सिर्फ गेंद पर कब्जा बनाए रखने पर रहा। पाकिस्तान को 55वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर मोहम्मद खान ने बराबरी का गोल दागा।