एशिया कप 2023 का आयोजन हाइब्रिड मॉडल में पाकिस्तान और श्रीलंका में 30 अगस्त 2023 से होगा। पाकिस्तान और नेपाल के बीच पहला मैच बुधवार को मुल्तान में खेला जाना है। एशिया कप की शुरुआत साल 39 साल पहले 1984 में हुई थी। इसके बाद से 2022 तक टूर्नामेंट का 15 बार आयोजन हो चुका है, लेकिन एशिया की दो दिग्गज टीमें यानी भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल में कभी भिड़ंत नहीं हुई। भारत सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाला टीम है।
एशिया कप का पहली बार आयोजन शारजहां में 1984 में हुआ था। तब भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका इसका हिस्सा था। टूर्नामेंट का फॉर्मेट राउंड रॉबिन लीग था। कुल 3 मैच हुए और भारत दोनों टीमों को हराकर चैंपियन बना। एशिया कप के दूसरे संस्करण का आयोजन 1986 श्रीलंका में हुआ। टीम इंडिया इसका हिस्सा नहीं थी। बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका टूर्नामेंट का हिस्सा थे। श्रीलंका चैंपियन बनी। साल 1989 में टूर्नामेंट में फिर भारत की वापसी हुई। भारत की मेजबानी में 4 टीमों का टूर्नामेंट हुआ और भारत चैंपियन बना। साल 1991 और 1995 में भी भारत चैंपियन रहा।
श्रीलंका है डिफेंडिंग चैंपियन
साल 1997 में श्रीलंका की टीम चैंपियन बनी। 2000 में पाकिस्तान ने खिताब जीता। 2004 और 2008 में श्रीलंकाई टीम खिताब जीती। साल 2010 में भारत ने फाइनल जीता, जबकि 2012 में पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनी। 2014 में श्रीलंका और 2018 में भारत जीता। साल 2016 में एशिया कप T20 फॉर्मेट में हुआ था और टीम इंडिया चैंपियन बनी। 2022 में भी टूर्नामेंट का आयोजन टी20 फॉर्मेट में हुआ श्रीलंका की टीम चैंपियन बनी।
एशिया कप की सबसे सफल टीम भारत
एशिया कप की सबसे सफल टीम भारत है। मेन इन ब्लू ने वनडे फॉर्मेट में 6 और टी20 फॉर्मेट में 1 टूर्नामेंट जीता है। 1984 से 1995 के बीच भारतीय टीम 4 टूर्नामेंट जीत गई थी। इसके बाद वह सिर्फ 3 खिताब ही जीत पाई है। साल 1995 के बाद टीम को अगला खिताब जीतने में 15 साल का इंतजार करना पड़ा। श्रीलंका की टीम दूसरे नंबर पर है। टीम वनडे फॉर्मेट में 5 और टी20 फॉर्मेट में 1 टूर्नामेंट जीती है। पाकिस्तान की टीम सिर्फ 2 बार चैंपियन बनी है।
एशिया कप 2023 में खत्म होगा 39 साल का सूखा
एशिया कप 2023 में 6 टीमें हैं। भारत, पाकिस्तान और नेपाल एक ग्रुप में हैं। दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान हैं। ग्रुप स्टेज में दोनों ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी। सुपर-4 की टॉप दो टीमों के बीच फाइनल होगा। सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान का पहुंचना तय माना जा रहा है। सुपर-4 में दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया तो दोनों के बीच फाइनल हो सकता है। ऐसा हुआ टूर्नामेंट में पहली बार दोनों टीमों के बीच खिताबी टक्कर होगी।