Asia Cup 2022: श्रीलंका की मेजबानी में 27 अगस्त से यूएई में एशिया कप खेला जाएगा। 28 अगस्त को भारत-पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मैच खेला जाएगा। इस मैच में उतरते ही टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। वह लगातार 7 एशिया कप में खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे। दाएं हाथ का बल्लेबाज मल्टी नेशन टूर्नामेंट में 26 मैच खेल चुका है। टीम इंडिया ने सबसे ज्यादा 7 बार यह खिताब जीता है। इसके अलावा रोहित की निगाहें दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड पर भी होगी।

सचिन तेंदुलकर एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। अब रोहित के पास उनसे आगे निकलने का मौका है। तेंदुलकर ने 21 पारियों में 51 से अधिक के औसत से 971 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। तेंदुलकर टूर्नामेंट के 1995 और 2004 के संस्करणों में भारत के शीर्ष रन-स्कोरर थे। उन्होंने 2012 के संस्करण में बांग्लादेश के खिलाफ अपना 100 वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था। हालांकि, वह मैच टीम इंडिया हार गई थी।

भारत का वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा 26 पारियों में 883 रन के साथ टूर्नामेंट में भारत के लिए दूसरे सबसे अधिक रन बनाने बल्लेबाज हैं। रोहित ने 2018 संस्करण में शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद से टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हुआ। उन्होंने पांच पारियों में 317 रन बनाए थे। इसमें पाकिस्तान के खिलाफ शतक शामिल है। टीम इंडिया नौ विकेट से मैच जीती थी। 2016 में एशिया कप टी 20 फॉर्मेट में खेला गया था। रोहित ने 27.60 की औसत से पांच पारियों में 138 रन बनाए थे।

भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली टूर्नामेंट के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने केवल 14 पारियों में 63.83 के औसत से 766 रन बनाए हैं। कोहली एशिया कप में तीन शतक बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज भी हैं। वह 2012 और 2016 के संस्करणों में देश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे।

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को 15 साल लंबे इंतजार के बाद 2010 में यह खिताब दिलाई थी। वह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 20 पारियों में 690 रन 69.00 के शानदार औसत से बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्द्धशतक शामिल हैं।