एशिया कप 2023 में भारत और पाकिस्तान की सुपर फोर में भिड़ंत रविवार को होगी और इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का लय में लौटना टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है। रोहित शर्मा ने नेपाल के खिलाफ लीग मैच में नाबाद 74 रन की पारी खेली थी और इस दौरान 5 छक्के और 6 चौके लगाए थे। रोहित शर्मा से एक बार फिर से उम्मीद होगी कि वह पाकिस्तान के खिलाफ भी कुछ ऐसी ही पारी खेलें और भारतीय टीम के लिए रन बनाएं। बतौर कप्तान रोहित शर्मा के नाम पर भारत की तरफ से एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लागने का रिकॉर्ड भी दर्ज है और इस साल बतौर कप्तान उन्होंने अब तक 37 छक्के लगाए हैं।

एक साल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित के नाम

भारतीय कप्तान के रूप में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की बात करें तो इस लिस्ट में रोहित शर्मा पहले नंबर पर हैं। रोहित शर्मा ने यह कमाल पिछले साल यानी 2022 में किया था और कुल 45 छक्के लगाए थे। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सौरव गांगुली हैं जिन्होंने साल 2000 में कुल 39 छक्के बतौर कप्तान भारत के लिए लगाए थे। तीसरे नंबर पर फिर से रोहित शर्मा ही हैं जिन्होंने साल 2023 में अब तक कुल 37 छक्के लगाए हैं और ऐसा लगता है कि इस साल वह अपने खुद के रिकॉर्ड को सुधार सकते हैं। वहीं विराट कोहली ने बतौर कप्तान साल 2017 में 36 छक्के लगाए थे और इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं।

एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय कप्तान

45 – रोहित शर्मा (2022)
39 – सौरव गांगुली (2000)
37 – रोहित शर्मा (2023)*
36 – विराट कोहली (2017)
34 – विराट कोहली (2019)

जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम

वर्ल्ड क्रिकेट में जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी रोहित शर्मा पहले नंबर पर हैं और उन्होंने अब तक कुल 406 छक्के जड़े हैं जबकि जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी शाहीद अफरीदी 299 छक्कों के साथ मौजूद हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर 276 छक्कों के साथ क्रिस गेल मौजूद हैं।

जीते गए मैचों में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

406 – रोहित शर्मा
299 – शाहिद अफरीदी
276 – क्रिस गेल
272 – मार्टिन गुप्टिल
246 – सनथ जयसूर्या
242 – ब्रैंडन मैकुलम
238 – एबी डिविलियर्स