Asia Cup 2022, Sri Lanka vs Pakistan: एशिया कप 2022 में सुपर-4 के आखिरी मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को विकेट से हरा दिया। यूं तो इस मैच का दोनों ही टीमों के लिए बहुत महत्व नहीं था, लेकिन इस जीत से बर्थडे बॉय दासुन शनाका की अगुआई वाली श्रीलंकाई टीम को 11 सितंबर को होने वाले फाइनल से पहले मनोवैज्ञानिक बढ़त मिली होगी। यह मुकाबला फाइनल की ड्रेस रिहर्सल है, क्योंकि रविवार को ये दोनों टीमें ही खिताबी मुकाबले में खेलेंगी।

दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। दासुन शनाका का यह फैसला सही साबित हुआ। पाकिस्तान की टीम 19.1 ओवर में 121 रन पर ही पवेलियन लौट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने 17 ओवर में 124 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब हुई। उसने 6 गेंद के अंदर महज 2 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद पथुम निसांका ने धनंजय डिसिल्वा के साथ मिलकर स्कोर 29 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर धनंजय डिसिल्वा 9 रन के स्कोर पर हारिस रऊफ का शिकार हो गए।

इसके बाद भानुका राजपक्षे और पथुम निसांका ने चौथे विकेट के लिए 39 गेंद में 51 रन की साझेदारी की। भानुका राजपक्षे 2 छक्के की मदद से 19 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। उसमान कादिर की गेंद पर उन्हें हारिस रऊफ ने लपका।

पथुम निसांका ने इसके बाद कप्तान दासुन शनाका के साथ मिलकर स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। जब श्रीलंका जीत से महज 9 रन दूर था, तब शनाका मोहम्मद हसनैन की गेंद पर हसन अली को कैच थमा बैठे। वह एक चौके और 2 छक्के की मदद से 16 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए।

दासुन शनाका की जगह आए वानिंदु हसरंगा ने विजयी चौका लगाया। हसरंगा 2 चौके की मदद से 3 गेंद में 10 रन बनाकर नाबाद रहे। पथुम निसांका 5 चौके और एक छक्के की मदद से 48 गेंद में 55 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले पाकिस्तान की ओर से 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए, जबकि 3 खिलाड़ी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। श्रीलंका की ओर से लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए।

ऑफ स्पिनर्स महीश थीक्षणा (21 रन पर दो विकेट), धनंजय डिसिल्वा (18 रन एक विकेट) और पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज प्रमोद मदुसान (21 रन पर दो विकेट) ने वानिंदु हसरंगा का अच्छा साथ निभाया। वानिंदु हसरंगा प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए।

पाकिस्तान ने चौथे ओवर में ही फॉर्म में चल रहे मोहम्मद रिजवान का विकेट गंवा दिया। रिजवान ने 14 गेंद में 14 रन बनाने के बाद मदुसान की गेंद पर विकेटकीपर कुसल मेंडिस को कैच थमाया। सलामी बल्लेबाज और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम लय में दिखे। बाबर आजम ने दिलशान मदुशंका की गेंद पर चौके से खाता खोला और फिर मदुसान पर भी चौका जड़ा।

पाकिस्तान ने पावर प्ले में एक विकेट पर 49 रन बनाए। श्रीलंका के गेंदबाजों ने इसके बाद कसी हुई गेंदबाजी करके पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। इसका असर भी दिखा जब फखर जमान 10वें ओवर में 18 गेंद में सिर्फ 13 रन बनाने के बाद चमिका करुणारत्ने की गेंद पर हसरंगा को कैच दे बैठे।

अगले ओवर में वानिंदु हसरंगा ने आजम को भी बोल्ड कर दिया। धनंजय ने इसके बाद खुशदिल शाह (04) की पारी का अंत किया, जबकि हसरंगा ने लगातार गेंदों पर इफ्तिखार अहमद (13) और आसिफ अली (00) को बोल्ड करके पाकिस्तान के मध्यक्रम की रीढ़ तोड़ दी। थीक्षणा ने हसन अली (00) को हसरंगा के हाथों कैच कराके पाकिस्तान का स्कोर 7 विकेट पर 95 रन किया।

नवाज ने थीक्षणा पर छक्का जड़ा, लेकिन इस ऑफ स्पिनर ने उसमान कादिर (03) को पथुम निसांका के हाथों कैच करा दिया। नवाज ने मदुशंका पर अपना दूसरा छक्का जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। उन्होंने 18 गेंद का सामना करते हुए दो छक्के और एक चौका मारा। मदुसान ने हारिस रऊफ (01) को अंतिम ओवर की पहली गेंद पर आउट करके पाकिस्तान की पारी का अंत किया।