एशिया कप के सुपर 4 राउंड में भारत अपना पहले मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहा है। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही है। सबसे पहले रोहित और गिल के बीच अर्द्धशतकीय साझेदारी हुई और उसके बाद शुभमन गिल ने विस्फोटक अंदाज में अपना अर्द्धशतक पूरा किया।

गिल ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को धोया

शुभमन गिल ने 10 चौकों की मदद से 37 गेंद में अर्द्धशतक पूरा किया। गिल ने 131 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए क्या शाहीन और क्या नसीम शाह हर किसी की धुनाई की। इस दौरान शुभमन गिल ने 8वें ओवर में मिले जीवनदान का भरपूर फायदा उठाया। दरअसल, गिल को 26 के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था, लेकिन उस जीवनदान के बाद भी गिल ने अपना अंदाज नहीं बदला और ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी।

इस तरह मिला था गिल को जीवनदान

शुभमन गिल को नसीम शाह के ओवर में जीवनदान मिला था। गिल उस वक्त 26 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। नसीम शाह के ओवर की तीसरी गेंद पर गिल ने बल्ले का मुंह खोला और गेंद बल्ले का किनारा लेकर दो स्लीप के बगल से बाउंड्री पार चली गई थी। स्लिप में इफ्तिकार अहमद और आगा सलमान थे। गेंद शुभमन गिल के बल्ले का किनारा लेकर पहली और दूसरी स्लिप के बगल से चली गई थी।

नेपाल के खिलाप फॉर्म में आए थे गिल

आपको बता दें कि शुभमन गिल इससे पहले 2 सितंबर को हुए ग्रुप स्टेज के मैच में पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप रहे थे। उन्होंने 32 गेंद का सामना किया था और सिर्फ 10 रन की पारी खेली थी। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने गिल को टारगेट किया था, लेकिन गिल ने नेपाल के खिलाफ मुकाबले में अपना फॉर्म दिखाया। नेपाल के खिलाफ शुभमन गिल ने 62 गेंद में 67 रन की पारी खेली थी। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया था।