एशिया कप की शीर्ष 4 टीमों के बीच मुकाबले शुक्रवार (21 सितंबर) से शुरू हो रहे हैं। कई टीमें लगातार मैच होने से नाखुश हैं, खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं, इन सबके बावजूद मैदान पर उपलब्धियां हासिल की जा रही हैं। शुक्रवार शाम को जब भारत और बांग्लादेश की टीमें दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भिड़ेंगी तो कई रिकॉर्ड टूटने की दहलीज पर होंगे। बांग्लादेश का यह लगातार दूसरा मैच होगा, ऐसे में उसके खिलाड़ियों पर थकान हावी हो सकती है। भारत ने भी इस टूर्नामेंट में दो लगातार मुकाबले खेले हैं।
रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी निजी तौर पर कीर्तिमान बनाने की दौड़ में हैं। रोहित को अपने 7,000 एकदिवसीय रन पूरा करने के लिए 252 रनों की जरूरत है। अगर वह ऐसा करते हैं तो 7 हजार रन बनाने वाले नौंवे भारतीय बल्लेबाज होंगे। इसके साथ ही सबसे तेज इस मुकाम को हासिल करने वाले तीसरे भारतीय तथा विश्व के पांवचें क्रिकेटर होंगे। रोहित को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 छक्के पूरे करने के लिए सिर्फ छह छक्कों की जरूरत है। धोनी के बाद ऐसा करने वाले वह दूसरे भारतीय क्रिकेटर होंगे। विश्व में अब तक 5 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 से ज्यादा छक्के लगा चुके हैं।
महेंद्र सिंह धोनी को सिर्फ 128 रनों की दरकार है और फिर वह वनडे क्रिकेट में भारत के लिए 10,000 रन बनाने वाले क्रिकेटर्स की सम्मानित सूची में शामिल हो जाएंगे। हालांकि धोनी इस फॉर्मेट में 10 हजार रन पहले ही बना चुके हैं, मगर 174 रन उन्होंने एशिया एकादश की ओर से खेलते हुए बनाए थे। सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ के बाद, 10 हजार रन क्लब में शामिल होने वाले धोनी चौथे भारतीय होंगे।
युजवेंद्र चहल 5 विकेट और लेते ही अपने 50 एकदिवसीय विकेट पूरे कर लेंगे। ऐसा करने वाले वह 36वें भारतीय तथा 13वें स्पिनर होंगे। बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम को बतौर विकेटकीपर 150 कैच पूरे करने के लिए सिर्फ एक कैच की जरूरत है। वह ऐसा करने वाले पहले बांग्लादेशी विकेटकीपर होंगे। यही नहीं, अपने 5,000 वनडे रन पूरा करने के लिए रहीम को सिर्फ 28 रन चाहिए।
