Asia Cup 2018 Final, Ind vs Ban: दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत और बांग्लादेश के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। मैच की आखिरी दो गेंद तक यह तय नहीं था कि कौन एशिया का चैंपियन बनेगा। भारतीय बल्लेबाजों ने दबाव को हावी होने नहीं दिया और आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर एशिया कप-2018 का खिताब अपने नाम कर लिया। आखिरी ओवर में रोमांच चरम पर पहुंच गया। भारत को जीत के लिए 6 गेंदों पर 6 रन चाहिए थे, जबकि बांग्लादेश को तीन विकेट की दरकार थी।
कुलदीप यादव स्ट्राइक पर थे। पहली गेंद को उन्होंने मिड-ऑफ पर खेल एक रन लिया। अगली गेंद को स्कवायर लेग की ओर मोड़ केदार जाधव ने भी एक रन बनाया। तीसरी गेंद को कुलदीप ने डीप मिडविकेट की ओर उठाकर मारा और दो रन बटोरे। अब भारत को 3 गेंद में 2 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना। पांचवी गेंद पर कुलदीप का बैट नहीं लगा पर दोनों बल्लेबाजों ने रन दौड़ लिया। स्कोर बराबर हो चुका था, भारत को जीत के लिए आखिरी गेंद पर एक रन चाहिए था। मैच की आखिरी गेंद को जाधव ने विकेटों के पीछे खेलकर विजयी रन के लिए दौड़ पड़े और इसी के साथ पूरे स्टेडियम में जश्न शुरू हो गया।
https://twitter.com/KabaliOf/status/1045768608855584768
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 223 रनों का लक्ष्य रखा था। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा (48) सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने अपनी पारी में 55 गेंदों का सामना किया और तीन चौकों के अलावा इतने ही छक्के लगाए। दिनेश कार्तिक ने 37 और महेंद्र सिंह धोनी ने 36 रन बनाए। केदार जाधव ने चोट के बाद भी 27 गेंदों में 23 रनों की नाबाद पारी खेली।
इससे पहले, बांग्लादेश अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाई। उसके लिए लिटन दास ने 117 गेंदों पर 12 चौके और दो छक्कों की मदद से 121 रनों की पारी खेली। मेहेदी हसन मिराज ने 32 तो वहीं सौम्य सरकार ने 33 रन बनाए। बांग्लादेश 48.3 ओवरों में 222 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। केदार जाधव को दो सफलताएं मिलीं जबकि जसप्रीत बुमराह तथा युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला।