Ranji Trophy 2025: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर मैदान पर एक बार फिर से एक्शन में नजर आएंगे। कुछ दिनों पहले अर्जुन की सगाई हुई थी और उसके बाद वो मैदान पर वापसी करेंगे। अर्जुन को रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए गोवा टीम में चुना गया है और 15 अक्टूबर से वो इस टीम की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे।

गोवा के लिए खेलते नजर आएंगे अर्जुन तेंदुलकर

अर्जुन गोवा के नियमित खिलाड़ी हैं और 2025 में अपना पहला सीनियर मैच खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दिसंबर 2024 के बाद से कोई घरेलू मैच नहीं खेला है। अर्जुन आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, लेकिन बेंच पर ही रहे। उन्होंने प्री-सीजन मैचों में गोवा के लिए खेला था, लेकिन उन मैचों के रिकॉर्ड नहीं गिने जाते।

अर्जुन ने अपना पिछला प्रथम श्रेणी मैच नवंबर 2024 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेला था। उन्होंने अपना पिछला लिस्ट ए मैच दिसंबर 2024 में खेला था। उन्होंने 2024-25 सीजन में गोवा के लिए तीन टी20 मैच खेले थे। अर्जुन 2022-23 सीज़न से पहले गोवा चले गए और इस टीम के लिए तीनों प्रारूप खेल चुके हैं। 26 वर्षीय इस खिलाड़ी ने 17 प्रथम श्रेणी मैचों में 37 विकेट और 532 रन बनाए हैं। उन्होंने राजस्थान के खिलाफ शतक के साथ अपने रणजी ट्रॉफी करियर की शुरुआत की थी।

गोवा की टीम 2024-25 सीजन में प्लेट ग्रुप की चैंपियन बनी थी और अब ये टीम एलीट ग्रुप का हिस्सा बन गई है। वे अपने अभियान की शुरुआत 15 अक्टूबर को चंडीगढ़ के खिलाफ करेंगे। इसके बाद ये टीम कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र और केरल से भिड़ेंगी। इस सीजन में दीपराज गांवकर गोवा क्रिकेट टीम की कप्तानी करेंगे जबकि ललित यादव टीम के उप-कप्तान होंगे।

रणजी के इस सीजन के लिए गोवा की टीम

दीपराज गांवकर (कप्तान), ललित यादव (उप-कप्तान), सुयश प्रभुदेसाई, मंथन खुटकर, दर्शन मिशाल, मोहित रेडकर, समर दुबाशी, हेरंब परब, विकास सिंह, विशेष प्रभुदेसाई, ईशान गाडेकर, कश्यप बखले, राजशेखर हरिकांत, अर्जुन तेंदुलकर, अभिनव तेजराना।