Mathews Time Out: वर्ल्ड कप 2023 में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ मैच में अजीबोगरीब वाकया हुआ। 146 साल के क्रिकेट इतिहास में पहली बार कोई खिलाड़ी टाइम आउट हुआ। एंजलो मैथ्यूज का इतिहास में नाम दर्ज हो गया। वह सदीरा समरविक्रमा के आउट होने के बाद क्रीज पर आए और पवेलियन लौट गए। हेलमेट में दिक्कत होने के कारण वह 2 मिनट के अंदर गेद खेलने को तैयार नहीं थे। बांग्लादेश ने टाइम आउट की मांग की और 36 साल के श्रीलंकाई खिलाड़ी को पवेलियन लौटना पड़ा।
इससे पहले ऐसा वाकया भारत-पाकिस्तान के बीच 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में देखने को मिला था। हालांकि, विकेट नहीं गिरा था, लेकिन ऐसा हो सकता था। पाकिस्तान की पारी के 13 वें ओवर में इमाम उल हक के आउट होने पर नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने मोहम्मद रिजवान क्रीज पर आए। उन्हें गेंद खेलने में टाइम लग रहा था।
कोहली ने रिजवान को चेताया था
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इससे खुश नहीं थे। उन्होंने घड़ी नहीं पहनी थी, लेकिन अपने रिस्टबैंड को ओर ऐसे देख रहते जैसे वो घड़ी हो। वह बताना चाह रहे थे कि रिजवान देरी कर रहे हैं। भारत चाहता तो रिजवान आउट हो सकते थे। बांग्लादेश-श्रीलंका मैच में शाकिब अल हसन ने मैथ्यूज को टाइम आउट कर ही दिया।
क्यों हुई मैथ्यूज को देरी
हेलमेट में दिक्कत होने की वजह से मैथ्यूज को गेंद खेलने में देरी हुई। वह शाकिब को समझाते रह गए, लेकिन बांग्लादेश के कप्तान नहीं माने। मैथ्यूज को वापस लौटना पड़ा। इसके साथ ही उनका नाम इतिहास में दर्ज हो गया। शाकिब ने ही समरविक्रमा का विकेट लिया था। वह चाहते तो अपील वापस ले सकते थे। मैथ्यूज इससे खुश नहीं थे। डगआउट में पहुंचने के बाद उन्होंने हेलमेट पटका। इसके लिए उनपर जुर्माना लग सकता है।