रणजी ट्रॉफी के फाइनल में विदर्भ के खिलाफ मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ दिया है। रहाणे ने 88 गेंद में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। विदर्भ के गेंदबाज उमेश यादव की गेंद पर अपना सिग्नेचर स्टाइल कवर ड्राइव जड़कर रहाणे ने ये अर्धशतक पूरा किया। यह उनके करियर की 57वीं हाफ सेंचुरी थी। इससे पहले रहाणे ने पिछले महीने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच में अर्धशतक लगाया था। वहां उन्होंने 56 रन की पारी खेली थी।
मुशीर ने भी जड़ी हाफ सेंचुरी
अजिंक्य रहाणे के साथ-साथ सरफराज खान के भाई मुशीर खान ने भी एक और अर्धशतक जड़ दिया है। मुशीर खान ने 133 गेंद में 3 चौके की मदद से अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। मुशीर का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने सेमीफाइनल में तमिलनाडु के खिलाफ भी 55 रन की पारी खेली थी। खबर लिखे जाने तक मुशीर और रहाणे के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी थी।
दूसरी पारी में मुंबई की खराब शुरुआत
रणजी ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन मुंबई की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। मुंबई को पृथ्वी शॉ के रूप में पहला झटका 26 के स्कोर पर ही लग गया था। पहली पारी में 46 रन बनाने वाले पृथ्वी शॉ ने दूसरी पारी में निराश किया। पृथ्वी दूसरी पारी में 18 गेंद में 11 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। दोनों पारियों में पृथ्वी क्लीन बोल्ड हुए। पृथ्वी के बाद मुंबई को दूसरा झटका भूपेन लालवानी के रूप में 34 के स्कोर पर लगा। लालवानी 18 रन बनाकर आउट हो गए।
250 के पार हुई लीड
दूसरी पारी में खबर लिखे जाने तक मुंबई के पास कुल बढ़त 250 के पार की हो गई। रहाणे 58 और मुशीर 51 रन बनाकर नाबाद थे। इससे पहले विदर्भ की पहली पारी 105 रन पर सिमट गई थी। विदर्भ की ओर से पहली पारी में यश राठौड़ ने सबसे अधिक 27 रन की पारी खेली थी। मुंबई के लिए पहली पारी में धवल कुलकर्णी, शाम्स मुलनी और तनुष कोटियन को 3-3 विकेट मिले।