भारत अगले साल मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के 139वें सत्र की मेजबानी करेगा। भारत ने 40 साल बाद आईओसी के सत्र की मेजबानी का अधिकार हासिल किया है। इससे पहले 1983 में नई दिल्ली ने आईओसी के सत्र की मेजबानी की थी।

आईओसी सत्र उसके सदस्यों की वार्षिक बैठक होती है, जिसमें 101 वोटिंग सदस्य और 45 मानद सदस्य शामिल हैं। सत्र में आईओसी के सदस्य ओलंपिक चार्टर और ओलंपिक मेजबानी के लिए शहरों के चुनाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हैं। अगले साल होने वाले आईओसी सत्र में 2030 शीतकालीन ओलंपिक के मेजबान का चुनाव और 2028 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक का शेड्यूल तय करना का एजेंडा शामिल हो सकता है।

साल 2023 में होने वाली आईओसी सत्र की मेजबानी को लेकर बीजिंग में मतदान हुआ। मतदान में भारत को अपनी बोली के पक्ष में 99 प्रतिशत (वैध 76 में से 75) वोट मिले। आईओसी सत्र की मेजबानी मिलने के बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की।

अनुराग ठाकुर ने लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति का सत्र अगले साल भारत में हो रहा है, जो ऐतिहासिक क्षण है। हाल के वर्षों में भारत में खेल ने काफी प्रगति की है। इस ऐतिहासिक अवसर के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर उत्साहित और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’

भारत से आईओसी सदस्य के रूप में चुनी गईं पहली महिला नीता अंबानी ने कहा, ‘ओलिंपिक अभियन 40 साल के इंतजार के बाद भारत वापस आ गया है। मैं 2023 में मुंबई में आईओसी सत्र की मेजबानी करने का सम्मान भारत को सौंपने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की आभारी हूं।’

नीता अंबानी ने कहा, ‘यह भारत की ओलंपिक महत्वाकांक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा। भारतीय खेल के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा।’ नीता अंबानी के अलावा भारतीय प्रतिनिधिमंडल में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंदर बत्रा, अनुराग ठाकुर और भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा शामिल थे।

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने ट्वीट कर लिखा, ‘भारत के लिए गर्व का दिन। 2023 में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की मेजबानी करेगी मुंबई। ये सेशन हमारे देश के बढ़ते हुनर को और मेहनत करने की प्रेरणा देगा। नीता अंबानी जी, डॉ. नरिंदर ध्रुव बत्रा और अनुराग ठाकुर को शुक्रिया।’ उन्होंने अपने ट्वीट को #StrongerTogether #IOCSessionMumbai2023 पर टैग भी किया।

डॉ नरेंदर बत्रा ने कहा, ‘मैं नीता अंबानी को उनके दृष्टिकोण और नेतृत्व के लिए और अपने सभी आईओसी सहयोगियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। अगले साल मुंबई में आपका इंतजार रहेगा। यह भारत के खेल के लिए एक नए युग की शुरुआत है।’

उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि ओलंपिक मूवमेंट हमारी अगली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के निर्माण में मुख्य भूमिका निभाए। साल 2023 में मुंबई को यादगार आईओसी सत्र की मेजबानी देना, भारत की नई खेल क्षमता को प्रदर्शित करने की दिशा में पहला कदम होगा।’