बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले शाहरुख खान का जन्म दो नवंबर को 1965 को दिल्ली में हुआ था। IMDb पर मौजूद शाहरुख की प्रोफाइल के मुताबिक, उनका असली नाम अब्दुर रहमान ‘शाहरुख’ खान है। शाहरुख पिता मीर ताज मोहम्मद खान भारत के स्वतंत्रता संग्राम में शामिल हुए थे। बाद में वह पेशे से सरकारी चीफ इंजीनियर हुए। वहीं मां लतीफ फातिमा खान प्रथम श्रेणी की मजिस्ट्रेट थीं, उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का करीबी भी बताया जाता है।
शाहरुख ने अपने एक पुराने साक्षात्कार में बताया था कि उनके पिता देश के ‘सबसे कम उम्र के स्वतंत्रता सेनानी’ थे। ताज मोहम्मद खान भारत-पाकिस्तान बंटवारे के वक्त पाकिस्तान के पेशावर से भारत आ गए थे। जब अभिनेता सिर्फ 15 साल के थे, तब उनकी कैंसर से मृत्यु हो गई। शाहरुख की मां लतीफ फातिमा खान का भी 1990 में लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था।
पिता से मिली थी आजादी की सीख
एक पुराने इंटरव्यू में जब फरीदा जलाल ने शाहरुख से पूछा, ”आपके परिवार के बड़े-बुजुर्गों का इस देश की राजनीति से बेहद सम्मानजनक संबंध रहा है। तो आज के राजनीतिक हालात के बारे में आप क्या कहना चाहेंगे?” इसके जवाब में उन्होंने कहा, ”मेरा परिवार विशेष रूप से मेरे पिता, हम सभी उस समय (स्वतंत्रता पूर्व भारत) की देश की राजनीति से बहुत निकटता से जुड़े थे क्योंकि मेरे पिता स्वयं इस देश के सबसे कम उम्र के स्वतंत्रता सेनानी थे और जनरल शाह नवाज जैसे लोगों से संबंधित थे।” बता दें कि मेजर जनरल शाह नवाज खान आजाद हिन्द फौज के प्रसिद्ध अधिकारी और स्वतंत्रता सेनानी थे। अंग्रेजों ने इनके ऊपर मुकदमा भी चलाया था। मेजर खान अभिनेता शाहरुख खान की माँ को मुंहबोली बेटी मानते थे।
शाहरुख की मानें तो उनके पिता कहा करते थे, ”आपको अपनी आजादी को भी कभी हल्के में नहीं लेनी चाहिए। हमने इसे लड़कर हासिल किया है, इसलिए इस स्वतंत्रता को हमेशा बनाए रखें। उस वक्त मुझे लगता था कि मेरे पिता विदेशी शासन को देश से दूर रखने की बात कर रहे हैं, लेकिन मैंने बड़े होने के बाद समझा की वह जिस स्वतंत्रता की बात कर रहे थे, वह गरीबी और दुख के संदर्भ में थी।”
ऑक्सफोर्ड से पढ़ी थीं मां
शाहरुख खान की मां लतीफ फातिमा खान ने इंग्लैंड के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढाई की थी। वह प्रथम श्रेणी की मजिस्ट्रेट और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की करीबी सहयोगी थीं। शाहरुख अपनी मां को याद करते हुए बताते हैं कि ”वह पहली कुछ मुस्लिम महिलाओं में से एक थीं जिन्होंने इतना कुछ हासिल किया। मजिस्ट्रेट के रूप में उनका कार्यकाल बहुत लंबा था।” 1992 में शाहरुख ने अपने पहले फिल्मी अवॉर्ड को अपनी दिवंगत मां को समर्पित किया था।

शाहरुख की एक बड़ी बहन भी है, जिनका नाम शहनाज लालारुख है। ‘बॉलीवुड के बादशाह’ के शुरुआती दिन बैंगलोर में अपने दादा-दादी के साथ बीते थे। वह एक भारतीय अभिनेता, फिल्म निर्माता और बिजनेसमैन हैं। उन्होंने 25 अक्टूबर 1991 को गौरी छिब्बर से शादी की थी। उनके तीन बच्चे हैं, बेटा आर्यन (1997), अबराम ( 2013) और बेटी सुहाना ( 2000)।
Shahrukh Khan ने अपने जन्मदिन पर इस अंदा़ज़ में पूरी की Fans की मन्नत, देखें वीडियो
शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत 1988-1990 के दौरान टेलीविजन सीरियल से से की थी। बिजनेस के लिहाज से उनकी पहली सफल फिल्म दीवाना (1992) थी।