Sujit Bisoyi
ओडिशा बीजेपी अध्यक्ष मनमोहन सामल ने (Manmohan Samal) ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। 35 सदस्यीय नई टीम में ज्यादातर नए चेहरे हैं और अधिकतर का आरएसएस से कनेक्शन है। सामल की नई टीम में एक नाम ऐसा भी है, जो BJP का प्राथमिक सदस्य तक नहीं है और उनकी नियुक्ति पर सब हैरान हैं। वह हैं चर्चित महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. पूर्ण चंद्र महापात्रा।
कौन हैं डॉक्टर महापात्रा?
डॉ. पूर्ण चंद्र महापात्रा (Purna Chandra Mohapatra) साल 2018 में ओडिशा के चर्चित श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के अध्यक्ष पद से रिटायर हुए थे और अब कटक में अपनी क्लीनिक चलाते हैं। डॉ. महापात्र न तो बीजेपी में खासे सक्रिय हैं और न ही बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ली है। अब पार्टी ने उन्हें उपाध्यक्ष जैसी भारी-भरकम जिम्मेदारी सौंपी है।
मीडिया से मिली उपाध्यक्ष बनने की जानकारी
कटक और आसपास के जिलों में मशहूर डॉक्टर महापात्रा अपनी नियुक्ति से खुद आश्चर्यचकित हैं। वह कहते हैं कि मेरी ओडिशा और दिल्ली में कुछ बीजेपी नेताओं से जान-पहचान और जुड़ाव है, लेकिन मैंने अभी तक पार्टी ज्वाइन नहीं की है। मैं गोवा में एक कॉन्फ्रेंस अटेंड करने गया था। वहीं मीडिया के जरिए मुझे अपनी नियुक्ति की बात पता चली। जाहिर तौर पर मैं उपाध्यक्ष का पद स्वीकार करूंगा, क्योंकि मेरा मानना है कि देश के विकास के लिए राष्ट्रवादी पार्टी सबसे बेहतर है और मेरे विचारधारा के करीब भी है।
कटक से चुनाव लड़ा सकती है BJP
रिटायरमेंट के बाद कटक में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर महापात्रा कहते हैं कि अब मैं आगे का जीवन बतौर सामाजिक कार्यकर्ता गुजारना चाहता हूं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि महापात्रा की कटक और आसपास के जिलों में जैसी लोकप्रियता है, उसे देखते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उन्हें कटक से चुनाव मैदान में उतार सकती है। आपको बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 21 लोकसभा सीटों में से 9 पर जीत हासिल की थी। जबकि 12 सीटें बीजू जनता दल (BJD) और एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। 2019 में बीजेपी, कांग्रेस को पछाड़कर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी भी बन गई थी।
क्या रहा है कटक का गणित?
कटक की बात करें तो 2019 में बीजेपी ने राज्य के पूर्व डीजीपी प्रकाश मिश्रा को यहां से मैदान में उतारा था। उन्होंने 38% वोट हासिल किया था, इसके बावजूद बीजेडी के भर्तहरि महताब से हार का सामना करना पड़ा था। महताब इस सीट पर साल 1998 से जीतते आए हैं। द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता नाम न छापने की शर्त पर कहते हैं, ‘भले ही कटक बीजेडी का गढ़ हो लेकिन 2019 में हमें 4 लाख से ज्यादा वोट मिले थे। इस बार थोड़ा और जोर लगाया और रणनीति बदली तो इस सीट पर जीत हासिल की जा सकती है। पार्टी को 2024 के लिए नए चेहरे की तलाश भी है, क्योंकि 2019 में हार के बाद प्रकाश मिश्रा का यहां की जनता से कोई खास संपर्क नहीं है।
कैसी है नई टीम?
ओडिशा बीजेपी केअध्यक्ष मनमोहन सामल ने अपनी 35 सदस्यीय नई टीम में 10 उपाध्यक्ष और 5 जनरल सेक्रेटरी के अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी एसटी और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। सामल की नई टीम में ज्यादातर नए चेहरे हैं और अधिकतर का या पार्टी से बहुत लंबा जुड़ाव रहा है।