2019 के विधानसभा चुनावों के बाद से महाराष्ट्र में एक अलग ही राजनीतिक मंथन देखने को मिला है। जिसके चलते यहां 2024 का लोकसभा चुनाव काफी जटिल और दिलचस्प हो गया है। महाराष्ट्र में इस बार लड़ाई सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन, जिसमें मुख्य रूप से भाजपा, शिंदे की शिवसेना और एनसीपी शामिल हैं और महा विकास अघाड़ी जिसमें कांग्रेस, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) के बीच है। चूंकि, शिवसेना और एनसीपी में हुए विभाजन के बाद से यहां कोई चुनाव नहीं हुआ है, ऐसे में किसका पलड़ा भारी है और लोकसभा चुनाव में कौन बाजी मारेगा, यह व‍िश्‍लेषकों के ल‍िए भी अनुमान लगाना आसान नहीं रह गया है। ऐसे में हम व‍िधानसभा से जुड़े कुछ आंकड़ों पर नजर डालते हैं और इसी के मद्देनजर लोकसभा चुनाव व आगामी व‍िधानसभा चुनाव के नतीजों का आंकलन लगाते हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019

महाराष्‍ट्र में 2019 का विधानसभा चुनाव बीजेपी और शिवसेना ने मिलकर लड़ा और बहुमत हासिल किया था। लेकिन, मुख्यमंत्री पद की चाहत में शिवसेना गठबंधन से बाहर हो गई और कांग्रेस और एनसीपी के समर्थन से सरकार बना ली। जून 2022 में शिवसेना में विभाजन के बाद इस सरकार ने सत्ता खो दी। विभाजन के बाद एक गुट जिसे आधिकारिक तौर पर शिवसेना के रूप में मान्यता प्राप्त है, भाजपा में शामिल हो गया और सरकार बना ली।

इसके कुछ समय बाद एनसीपी में भी विभाजन हो गया और एनसीपी के रूप में मान्यता प्राप्त गुट भाजपा के साथ शामिल हो गया। चूंकि, लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में कोई चुनाव नहीं हुआ है, ऐसे में एनसीपी और शिवसेना गुटों में से कौन ज्यादा लोकप्रिय है यह कहा नहीं जा सकता है। यही कारण है कि भाजपा मानकर चल रही है महाराष्ट्र में इस बार के लोकसभा चुनाव में परिणाम अनिश्चितता हो सकते हैं।

2014 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी का क्षेत्रवार प्रदर्शन

2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। भाजपा का वोट शेयर और सीट शेयर क्रमशः 27.8% और 42.4% था। बाकी तीन पार्टियों में से कोई भी बीजेपी के नजदीक नहीं था। भाजपा का जनाधार राज्य में तो देखा गया, लेक‍िन यह सभी ह‍िस्‍सों में एक-सा नहीं था। विदर्भ में जहां भाजपा का सीट शेयर 71% था, वहीं वोट शेयर 35.3% था। वहीं, पश्चिम महाराष्ट्र में बीजेपी का सीट शेयर 32.8% और वोट शेयर 20.6% था।

क्षेत्र सीट शेयर (प्रतिशत)वोट शेयर (प्रतिशत)
मराठवाड़ा 32.627.4
पश्चिम महाराष्ट्र 32.820.6
कोंकण 33.326.5
खानदेश 40.430.2
विदर्भ 71.035.3

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव में बीजेपी और शिवसेना का सीट शेयर

Source- TCPD-IED

कांग्रेस और एनसीपी के साथ आने के बाद कम हुईं बीजेपी-शिवसेना की सीटें

एक तरफ जहां 2014 की तुलना में 2019 के विधानसभा चुनावों के बीच कोंकण और मराठवाड़ा क्षेत्रों में भाजपा और शिवसेना की कुल संयुक्त सीट संख्या में बढ़ोत्तरी हुई, वहीं विदर्भ और पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्रों में कांग्रेस और एनसीपी की बढ़त के कारण बीजेपी-शिवसेना की कुल सीटों की संख्या 185 से गिरकर 161 रह गई।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी और शिवसेना का संयुक्त सीट शेयर

क्षेत्र 2014 विधानसभा चुनाव 2019 विधानसभा चुनाव
खानदेश 2722
पश्चिम महाराष्ट्र 3122
मराठवाड़ा 2628
विदर्भ 4833
कोंकण 5356

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव में लड़ी हुई सीटों पर बीजेपी का वोट शेयर

महाराष्‍ट्र में लोकसभा चुनावों में वोट शेयर के ल‍िहाज से बीजेपी का ग्राफ उतरता-चढ़ता रहा है। 2009 की तुलना में 2014 में जहां जबरदस्‍त उछाल आया था, वहीं 2019 में इसमें ग‍िरावट दर्ज की गई। ऐसे में इस बार के बदले हुए राजनीत‍िक हालात ने बीजेपी का समीकरण उलझा द‍िया है।

Source- TCPD-IED

महाराष्ट्र लोकसभा चुनावों में बीजेपी का सीट शेयर

महाराष्‍ट्र के लोकसभा चुनावों में बीजेपी के सीट शेयर का ग्राफ भी वोट शेयर की तरह ही रहा है। 2009, 2014 और 2019 में भी ट्रेंड कोई अलग नहीं रहा। 2009 की तुलना में 2014 में जबरदस्‍त उछाल और 2019 में लगभग बराबर।

Source- TCPD-IED

कौन-कौन है महाराष्ट्र के चुनावी मैदान में?

महाराष्ट्र में इस बार मुख्य मुक़ाबला एनडीए गठबंधन और INDIA गठबंधन के बीच है। एनडीए गठबंधन में बीजेपी, शिवसेना, एनसीपी और राष्ट्रीय समाज पक्ष शामिल है। राज्य की 48 सीटों में से भाजपा 28 सीटों पर, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 15 सीटों पर, एनसीपी 4 सीटों पर और राष्ट्रीय समाज पक्ष 1 सीट पर चुनाव लड़ेंगे।

वहीं, INDIA गठबंधन की बात की जाये तो इसमें शिवसेना (UBT), कांग्रेस और NCP( शरतचंद्र पवार) शामिल हैं। जिसमें शिवसेना 21 सीटों पर, कांग्रेस 17 सीटों पर और एनसीपी 10 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके अलावा असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM भी राज्य की 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वंचित बहुजन अघाड़ी, स्वाभिमानी पक्ष, बहुजन विकास आघाड़ी और बसपा भी महाराष्ट्र के चुनाव मैदान में हैं।

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम

पिछले आम चुनाव की बात की जाये तो एनडीए गठबंधन को 41 और यूपीए गठबंधन को 5 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। एक सीट एआईएमआईएम और वीबीए गठबंधन के खाते में गयी थी।

लोकसभा चुनाव 2019 में महाराष्‍ट्र में एनडीए को 51.34% और यूपीए को 32.07% वोट मिले थे। पार्टीवार आंकड़ों पर जाएं तो बीजेपी ने लड़ी हुई 25 सीटों में से 23 सीटें और 27.84% वोट हासिल किए थे। वहीं, शिवसेना ने लड़ी हुई 23 सीटों में से 18 सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी को 23.5% वोट मिले थे। एनसीपी को 4 सीटें और 15.66% वोट और कांग्रेस को लड़ी हुई 25 सीटों में से 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस का वोट शेयर 16.41% था।